मनोरंजन

IAS बनने की सलाह, लेकिन अर्चना पूरन सिंह ने चुनी एक्टिंग: टीचर्स रह गए थे हैरान

'आदर्श बाल विद्यालय' के प्रमोशन के दौरान अर्चना ने स्कूल के दिनों को याद किया

मुंबई, 17 जुलाई 2026। अपनी दमदार कॉमिक टाइमिंग और बेहतरीन अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने वाली अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह ने खुलासा किया है कि स्कूल के दिनों में उनके शिक्षक उन्हें IAS या IFS अधिकारी बनते देखना चाहते थे। हालांकि, उन्होंने सभी की उम्मीदों के विपरीत अभिनय को अपना करियर चुना।

प्राइम वीडियो की आगामी सीरीज़ ‘आदर्श बाल विद्यालय’ के प्रमोशन के दौरान अर्चना ने बताया कि वह पढ़ाई में हमेशा अव्वल रहती थीं और अपने शिक्षकों की पसंदीदा छात्रा थीं। उन्होंने कहा, “मेरे टीचर्स हमेशा कहते थे कि मुझे IAS या IFS जॉइन करना चाहिए। उस दौर में पढ़ाई में अच्छा करने वाले बच्चों के लिए यही सबसे बड़ा करियर माना जाता था।”

अर्चना ने कहा कि जब उन्होंने शिक्षकों को बताया कि वह फिल्म इंडस्ट्री में जाकर एक्ट्रेस बनना चाहती हैं, तो सभी हैरान और निराश हो गए थे। “उन्हें समझ नहीं आया कि मैं इतना अच्छा भविष्य छोड़कर एक्टिंग क्यों चुन रही हूं। आज पीछे मुड़कर देखती हूं तो यह सब काफी मजेदार लगता है।”

उन्होंने कहा कि अभिनय ने उन्हें वह पहचान, प्यार और अनुभव दिए, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। “अगर आज मेरे टीचर्स मुझे देख रहे हों, तो उम्मीद करती हूं कि उन्हें इस बात पर गर्व होगा कि उनकी फेवरेट स्टूडेंट ने अपना रास्ता खुद चुना और वही उसके लिए सही साबित हुआ।”

24 जुलाई को रिलीज होगी ‘आदर्श बाल विद्यालय’

‘आदर्श बाल विद्यालय’ एक कॉमेडी-ड्रामा सीरीज़ है, जिसमें एक हेडमास्टर की कहानी दिखाई गई है, जो सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद अपने स्कूल की तस्वीर बदलने की कोशिश करता है। इस सीरीज़ का निर्देशन हिमांक गौर ने किया है, जबकि इसे बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना ने प्रोड्यूस किया है।

सात एपिसोड की इस सीरीज़ में के.के. मेनन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ अर्चना पूरन सिंह, नवीन कस्तूरिया, अभिमन्यु सिंह, देवेन भोजानी, प्राची शाह समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह सीरीज़ 24 जुलाई से प्राइम वीडियो पर हिंदी में स्ट्रीम होगी।

Related Articles

Back to top button