छत्तीसगढ़

सुरों की नन्ही सितारा बनी रिकॉर्ड होल्डर, 10 वर्षीय आद्या ने रचा इतिहास

रायपुर, 29 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की 10 वर्षीय बाल गायिका अरुणिमा शर्मा ‘आद्या’ ने अपनी मधुर आवाज और शानदार प्रतिभा से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। हाल ही में India Book of Records 2026 ने उन्हें “IBR Achiever” सम्मान से नवाजा है। यह उपलब्धि उन्होंने महज 10 वर्ष 7 माह की उम्र में हासिल की है।

09 नवंबर 2015 को जन्मी आद्या को विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रीय गायन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यह सम्मान मिला। उन्होंने अब तक 9 प्रमाण पत्र और 1 ट्रॉफी अपने नाम की है। उनकी प्रमुख उपलब्धियों में संगीता कला अकादमी, रायपुर के नटरंग महोत्सव में प्रथम स्थान तथा बस्तर आइडल में द्वितीय उपविजेता का खिताब शामिल है।

आद्या ने कहा कि उनका सपना भारत की महान गायिका लता मंगेशकर की तरह देश के लिए गाना है।

कम उम्र में ही आद्या चार भाषाओं में गायन, हारमोनियम वादन और शास्त्रीय संगीत में दक्षता हासिल कर चुकी हैं। उन्होंने वोकल संगीत में प्रथमा (प्रथम) परीक्षा भी उत्तीर्ण कर ली है। इसके अलावा राजनांदगांव मड़ई, YB Champ 6, हर घर टैलेंट सीजन-2, द सिंगिंग आइकन सीजन-2 और Phytositaare जैसे राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। YB Champ 6 में उन्होंने फर्स्ट रनर-अप का खिताब भी जीता है।

आद्या के छत्तीसगढ़ी लोकगीत और हारमोनियम वादन के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। उनके लाइव गायन की सराहना स्वयं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सार्वजनिक मंच से कर चुके हैं।

छत्तीसगढ़ी लोकगीत, देशभक्ति गीत और सुगम संगीत में अपनी अलग पहचान बना चुकी आद्या की प्रस्तुतियों का प्रसारण आकाशवाणी रायपुर, विभिन्न टीवी न्यूज चैनलों और कई प्रतिष्ठित मंचों पर हो चुका है।

आद्या के गुरु और परिजनों के अनुसार वह प्रतिदिन करीब दो घंटे नियमित रियाज़ करती हैं और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर रायपुर सहित पूरे प्रदेश के संगीत प्रेमियों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Related Articles

Back to top button