छत्तीसगढ़

सहयोग ब्लड सेंटर पर छापा, बिना लाइसेंस ब्लड कंपोनेंट निर्माण का भंडाफोड़

CMHO कार्यालय से चंद कदम दूर चल रहा था अवैध कारोबार

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 31 जुलाई 2026। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आई है। मुंबई की CDSCO और रायगढ़ खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने सारंगढ़ स्थित सहयोग ब्लड सेंटर पर छापेमार कार्रवाई कर बिना वैध मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस के ब्लड कंपोनेंट का निर्माण और विक्रय किए जाने का खुलासा किया है।

जांच के दौरान टीम ने पाया कि ब्लड सेंटर में आवश्यक लाइसेंस के बिना ही ब्लड कंपोनेंट तैयार कर सप्लाई किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मौके से संबंधित सामग्री जब्त कर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि संबंधित ब्लड सेंटर CMHO कार्यालय से महज कुछ कदम की दूरी पर एक निजी अस्पताल परिसर में संचालित हो रहा था। इसके बावजूद स्थानीय स्वास्थ्य विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, मामले में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले भी सारंगढ़ में एक मेडिकल स्टोर से नकली दवाइयों का बड़ा जखीरा बाहरी जांच एजेंसियों द्वारा पकड़ा गया था। लगातार बाहरी टीमों की कार्रवाई और स्थानीय स्तर पर निगरानी की कमी ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और निरीक्षण तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button