अब दवाओं की गुणवत्ता, दुष्प्रभाव और भ्रामक विज्ञापनों की ऑनलाइन होगी शिकायत

रायपुर, 4 अगस्त 2026। आयुष औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने “आयुष सुरक्षा पोर्टल” विकसित किया है। यह पोर्टल आयुष दवाओं के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की निगरानी, गुणवत्ता संबंधी शिकायतों के पंजीयन और भ्रामक एवं आपत्तिजनक विज्ञापनों की रिपोर्टिंग के लिए एक पारदर्शी डिजिटल मंच उपलब्ध कराएगा।
इस पोर्टल के माध्यम से आयुष चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और आम नागरिक आयुष औषधियों के सेवन के बाद होने वाली प्रतिकूल औषधि प्रतिक्रियाओं, दवाओं की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतों तथा भ्रामक विज्ञापनों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं के आधार पर संबंधित प्राधिकरण आवश्यक जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
छत्तीसगढ़ शासन के आयुष विभाग ने प्रदेशवासियों और आयुष क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों से अपील की है कि आयुष औषधियों से संबंधित किसी भी प्रतिकूल प्रभाव, गुणवत्ता संबंधी शिकायत या भ्रामक एवं आपत्तिजनक विज्ञापन की जानकारी आयुष सुरक्षा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करें। विभाग का कहना है कि यह पहल आयुष औषधियों के सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत करेगी।
आयुष सुरक्षा पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने और अधिक जानकारी के लिए https://suraksha.ayush.gov.in/ पर ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध है।



