आद्या की सुरमयी प्रस्तुति पर फिदा हुईं बुधरी ताती, गले लगाकर दिया आशीर्वाद

रायपुर, 6 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के वृंदावन हॉल में बुधवार को आयोजित दिव्यांग तीज मिलन उत्सव एवं सम्मान समारोह में 10 वर्षीय बाल गायिका अरुणिमा शर्मा ‘आद्या’ ने अपनी मधुर गायकी और हारमोनियम वादन से सभी का दिल जीत लिया। समारोह की विशेष अतिथि और वर्ष 2026 की पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती भी अरुणिमा की प्रस्तुति से इतनी प्रभावित हुईं कि मंच से उतरकर उन्होंने उसे गले लगाकर आशीर्वाद दिया।
यह अपनी तरह का पहला आयोजन था, जिसमें प्रदेशभर से आई दिव्यांग महिलाओं और आमंत्रित अतिथियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू तथा रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह भी मौजूद रहे।
राष्ट्रगीत से की कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ अरुणिमा शर्मा ने राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और छत्तीसगढ़ राजगीत की संगीतमय प्रस्तुति से किया। हारमोनियम की संगत के साथ उनकी सुरमयी आवाज ने सभागार में मौजूद सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
पद्मश्री बुधरी ताती ने दिया आशीर्वाद
अरुणिमा की गायकी से प्रभावित होकर पद्मश्री बुधरी ताती मंच से नीचे आईं और उसे स्नेहपूर्वक गले लगाया। उन्होंने कहा कि “यह बिटिया आगे चलकर छत्तीसगढ़ का नाम पूरे देश में रोशन करेगी।” उन्होंने अरुणिमा की प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर ने किया सम्मानित
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अरुणिमा शर्मा को उनकी उत्कृष्ट गायकी और प्रेरणादायी प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया। समारोह में उनकी उपलब्धि को विशेष रूप से सराहा गया।
दिव्यांग महिलाओं और बच्चों ने बिखेरे रंग
तीज मिलन उत्सव के अवसर पर दिव्यांग महिलाओं को तीज सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं दिव्यांग बच्चों ने सामूहिक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। पूरे आयोजन में उत्साह, आत्मविश्वास और सामाजिक समरसता का अनूठा वातावरण देखने को मिला।



