छत्तीसगढ़मनोरंजन

कल रिलीज होगी ‘मया के जादू चल गे’, निर्माता बोले- दर्शकों का पैसा वसूल कराएगी फिल्म

कॉमेडी, ड्रामा और गीतों का तड़का, लक्षित झांझी-शशि वर्मा की जोड़ी लगाएगी मनोरंजन का डबल डोज

रायपुर, 13 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘मया के जादू चल गे’ 14 अगस्त को पूरे छत्तीसगढ़ में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के निर्माता राजन सूर्यवंशी का कहना है कि इसका मकसद दर्शकों को भरपूर मनोरंजन देना है, ताकि सिनेमाघर से बाहर निकलते समय उन्हें फिल्म पर खर्च किया पैसा वसूल महसूस हो।

राजन सूर्यवंशी ने बताया कि फिल्म की कहानी में गीत, ड्रामा, कॉमेडी और मनोरंजन के ऐसे कई रंग शामिल किए गए हैं, जो दर्शकों को शुरुआत से अंत तक जोड़े रखने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर व्यक्ति कुछ समय सुकून और मनोरंजन चाहता है, इसी सोच के साथ फिल्म तैयार की गई है।

लक्षित-शशि की जोड़ी पर टिकी नजरें

फिल्म में लक्षित झांझी और शशि वर्मा की जोड़ी मुख्य आकर्षण है। निर्माताओं को उम्मीद है कि दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को पसंद आएगी। फिल्म के सह कलाकारों में भी कई जाने-पहचाने चेहरे शामिल हैं, जो कॉमेडी और मनोरंजन का रंग बढ़ाते नजर आएंगे।

राजन सूर्यवंशी ने बताया कि सोशल मीडिया पर उन्हें और निर्देशक जी. विजय को लगातार दर्शकों के कमेंट मिल रहे थे कि वे कुछ अलग लेकर आएं। दर्शकों की इसी मांग को ध्यान में रखते हुए दोनों ने वापसी की और ‘मया के जादू चल गे’ के जरिए मनोरंजन का नया रंग पेश करने की कोशिश की है।

इन कलाकारों और सिंगर्स से सजी है फिल्म

निर्देशक जी. विजय के मुताबिक फिल्म की कहानी को अलग अंदाज में पेश किया गया है। इसके गीतकार अशोक तिवारी, राहुल और विजय राजन हैं। गीतों को सुनील सोनी, अनुराग शर्मा, विवेक शर्मा, अनुपमा मिश्रा, मुनमुन और संजीव नंदा ने आवाज दी है।

फिल्म के निर्माता राजन सूर्यवंशी और सचिन घोड़े हैं, जबकि सह निर्माता सीमा दिनेश धोपे और रेवती नितेश मेरुरलकर हैं। फिल्म में उपासना वैष्णव, संतोष निषाद, उर्वशी साहू, मोहन पोटे, कपिल धनगर, संतोष फुंडे और साक्षी गुमगांवकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Related Articles

Back to top button