शौरा के स्टेज डेब्यू ने जीता दिल, ‘नकाब’ को US में मिला जबरदस्त प्यार

मुंबई, 13 अगस्त 2026। नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी के थिएटर प्रोडक्शन ‘नकाब’ के US टूर को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला। इस टूर की सबसे खास बात नवाज़ुद्दीन की दमदार स्टेज परफॉर्मेंस के साथ उनकी बेटी शौरा सिद्दीकी का स्टेज डेब्यू रहा। पिता-बेटी की जोड़ी ने दर्शकों का दिल जीत लिया और शौरा की परफॉर्मेंस टूर के सबसे चर्चित पलों में शामिल हो गई।
अलग-अलग शहरों में हुए शो के दौरान दर्शकों ने शौरा की एक्टिंग की जमकर तारीफ की। किसी ने उन्हें ‘शो की जान’ बताया तो किसी ने उनके डेब्यू को शानदार करार दिया। दर्शकों की प्रतिक्रियाओं में शौरा के आत्मविश्वास और मंच पर उनकी मौजूदगी की खास तौर पर सराहना देखने को मिली। कई दर्शकों ने यह भी कहा कि वे उन्हें और देखना चाहते थे।
नवाज़ुद्दीन ने भी साझा किया खास अनुभव
‘नकाब’ के US टूर को याद करते हुए नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी ने सोशल मीडिया पर इसे अपने लिए बेहद खास अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस सफर के दौरान उन्होंने बहुत कुछ सीखा और नई चीजों को खोजा। साथ ही उन्होंने दर्शकों के प्यार और शो को सफल बनाने के लिए पूरी टीम और फैंस का आभार जताया।
शौरा के लिए यह थिएटर की दुनिया में एक अहम शुरुआत रही। वहीं नवाज़ुद्दीन के लिए बेटी के साथ मंच साझा करना इस पूरे सफर को और यादगार बना गया। पिता की अनुभवी स्टेज प्रेज़ेंस और बेटी के पहले प्रदर्शन को दर्शकों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया ने ‘नकाब’ को एक खास पिता-बेटी की कहानी में बदल दिया।
नवाज़ुद्दीन आने वाले दिनों में ‘थम्मा 2’, ‘तुम्बाड 2’, ‘हाउस M.D’, ‘ब्लाइंड बाबू’ और ‘सेक्शन 108’ जैसे प्रोजेक्ट्स में नजर आने वाले हैं।



