छत्तीसगढ़

200 फीट लंबे तिरंगे के साथ रायगढ़ में उमड़ा जनसैलाब, बारिश भी नहीं रोक सकी देशभक्ति का जज्बा

रायगढ़, 14 अगस्त 2026। रिमझिम बारिश के बीच रायगढ़ में गुरुवार को निकली भव्य तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। करीब 200 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी समेत बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से शहर गूंजता रहा।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित यात्रा नटवर स्कूल से शुरू होकर बेटी बचाओ चौक, सुभाष चौक और अग्रसेन चौक होते हुए सिदूर पार्क पहुंची। रास्ते में जगह-जगह नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। ओवरब्रिज से पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का अभिनंदन किया गया।

तिरंगे के साथ दिखी रायगढ़ की एकजुट तस्वीर

यात्रा में समाज के हर वर्ग की भागीदारी देखने को मिली। स्कूली विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा और देशभक्ति संदेशों वाली तख्तियां लेकर हिस्सा लिया। बच्चों ने छत्तीसगढ़ महतारी, भारत माता, रवींद्रनाथ टैगोर, रानी लक्ष्मीबाई और भगत सिंह जैसे राष्ट्रनायकों का रूप धारण कर यात्रा को खास बना दिया।

बाजे-गाजे और देशभक्ति गीतों के बीच लोग कदम से कदम मिलाकर चलते रहे। रिमझिम बारिश के बावजूद उत्साह कम नहीं हुआ और करीब 200 फीट लंबे तिरंगे की छांव में उमड़ा जनसैलाब रायगढ़ की एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देता नजर आया।

शहीदों को नमन, प्रदर्शनी का किया अवलोकन

सिदूर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया तथा स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने जनसंपर्क विभाग की ओर से लगाई गई ‘हर घर तिरंगा’ और ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ सेल्फी बूथ पर फोटो भी खिंचाई।

युवाओं से बोले चौधरी: राष्ट्र निर्माण में लगाएं अपनी ऊर्जा

वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया में देश का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत की भूमिका मजबूत हुई है, लेकिन इसके साथ नई चुनौतियां भी सामने आई हैं।

उन्होंने युवाओं से खुद को मजबूत बनाने और अपनी ऊर्जा, प्रतिभा एवं क्षमता का इस्तेमाल राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया। चौधरी ने कहा कि देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा की जिम्मेदारी हर नागरिक की है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा उन वीर जवानों और शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। राष्ट्रध्वज केवल ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, गौरव और संकल्प का प्रतीक है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में स्कूली और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने कथक सहित विभिन्न सांस्कृतिक और देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय संस्कृति और ‘विविधता में एकता’ का संदेश दिया गया।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शामिल प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा की।

17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

रायगढ़ जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, वंदे मातरम्’ रखी गई है। इसके तहत नागरिकों को घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक एवं व्यक्तिगत गायन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

अभियान के जरिए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना मजबूत करने के साथ जिले में विभिन्न देशभक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविंद्र गबेल, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, सभापति डिग्रीलाल साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, नागरिक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button