तिरंगे के रंग में रंगा अम्बिकापुर: जयघोष से गूंजा शहर, हजारों कदमों ने दिया एकता का संदेश

अम्बिकापुर, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस से पहले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को अम्बिकापुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। हाथों में तिरंगा लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की बड़ी भागीदारी ने यात्रा को जनअभियान का स्वरूप दे दिया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से शहर गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा मल्टीपरपज स्कूल से शुरू होकर महामाया चौक, घड़ी चौक और गांधी चौक होते हुए गांधी स्टेडियम मैदान पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। रास्तेभर स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया। युवाओं और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
तिरंगा हमारी आन, बान और शान: राजेश अग्रवाल
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी यात्रा में शामिल होकर हाथों में तिरंगा लहराया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर प्रत्येक नागरिक अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़े।
नारों और देशभक्ति गीतों से गूंजता रहा शहर
यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और अन्य देशभक्ति नारों के बीच लोगों ने उत्साह के साथ तिरंगा लहराया। देशभक्ति गीतों ने माहौल में जोश भर दिया। बड़ी संख्या में युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी ने यात्रा को खास बना दिया।
गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि यात्रा के जरिए देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताया।
कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों को अपने जीवन में उतारते हुए राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदार नागरिकता की भावना मजबूत करने की अपील की।
तिरंगे के साथ लिया एकता का संकल्प
तिरंगा यात्रा के दौरान नागरिकों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत, निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, भारत सिंह सिसोदिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत CEO विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, एसडीएम बनसिंह नेताम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
लखनपुर और केदमा में भी मंत्री ने लहराया तिरंगा
इससे पहले पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने लखनपुर और उदयपुर विकासखंड के ग्राम केदमा में आयोजित तिरंगा यात्रा में भी हिस्सा लिया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों के साथ तिरंगा लहराकर स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया।



