अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने CM फडणवीस से की मुलाकात
भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी पर हुई चर्चा

मुंबई, 18 अगस्त 2026। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करने तथा सहयोग के नए अवसर तलाशने पर चर्चा की।
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर मंगलवार को मुंबई पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। सीएम फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि दोनों के बीच भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने और बेहतर सहयोग की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई।
यह मुलाकात मुंबई में आयोजित इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स (IACC) नेशनल कन्वेंशन 2026 के दौरान हुई। सम्मेलन की थीम ‘रीडिफाइनिंग द इंडिया-यूएस कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप’ रखी गई है।
240 अरब डॉलर से अधिक पहुंचा द्विपक्षीय व्यापार
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सर्जियो गोर ने भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते आर्थिक संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि करीब दो दशकों में दोनों देशों का द्विपक्षीय व्यापार लगभग 20 अरब डॉलर से बढ़कर 240 अरब डॉलर से अधिक हो गया है।
गोर ने कहा कि यह वृद्धि अचानक नहीं हुई है, बल्कि दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बढ़ते सहयोग का परिणाम है। उन्होंने एआई, टेक्नोलॉजी, एयरोस्पेस, डिफेंस और एनर्जी जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बढ़ते सहयोग को रेखांकित किया।
2030 तक 500 अरब डॉलर व्यापार का लक्ष्य
अमेरिकी राजदूत ने कहा कि भारत और अमेरिका के सामने आर्थिक एवं रणनीतिक सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। दोनों देशों का साझा लक्ष्य 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 500 अरब डॉलर तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि एआई, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, रक्षा और महत्वपूर्ण तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग को और गति देने की दिशा में काम किया जा रहा है।
ट्रंप-मोदी नेतृत्व का भी किया उल्लेख
सर्जियो गोर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत-अमेरिका संबंधों में आए बदलाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने रणनीतिक तकनीक के इस्तेमाल के जरिए एआई, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर और रक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग तेज करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
मुख्यमंत्री फडणवीस और अमेरिकी राजदूत की मुलाकात को महाराष्ट्र और अमेरिका के बीच व्यापार, निवेश, तकनीक और अन्य क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



