उपराष्ट्रपति का छत्तीसगढ़ दौरा 2 सितंबर को, मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की

रायपुर, 19 अगस्त 2026। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के 2 सितंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपराष्ट्रपति रायपुर स्थित एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। प्रवास के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने राज्य स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप होंगी व्यवस्थाएं
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। एयरपोर्ट से एम्स तक आने-जाने के मार्ग, एंट्री-एग्जिट प्लान और वापसी की व्यवस्थाओं को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन तथा एम्स में रिसेप्शन सहित अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गृह विभाग को आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों को समय पर पूरा करने को कहा गया।
इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, कार्यक्रम स्थल और आवागमन मार्गों पर आवश्यक इंतजाम करने तथा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
चिकित्सा और विद्युत व्यवस्था भी रहेगी चाक-चौबंद
मुख्य सचिव ने उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधाओं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एम्स प्रबंधन और अधिकारियों को भी दीक्षांत समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा गया।
प्रोटोकॉल के अनुसार होगी दीक्षांत समारोह की व्यवस्था
बैठक में कार्यक्रम की बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल और प्राप्त डायस प्लान के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के प्रारंभ में वंदे मातरम् और राष्ट्रगान सहित सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका पांडेय, रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



