छत्तीसगढ़मनोरंजन

‘तोर मयारु मोर मयारु’ के ट्रेलर ने मचाई धूम, 3 साल बाद फिर साथ दिखे अमलेश-मन

रायपुर, 24 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ी सिनेमा की चर्चित जोड़ी अमलेश नागेश और मन कुरैशी करीब तीन साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। नीलजय फिल्म्स के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘तोर मयारु मोर मयारु’ का ट्रेलर 22 अगस्त को राजधानी रायपुर में सितारा होटल में आयोजित भव्य समारोह में लॉन्च किया गया। ट्रेलर लॉन्च के साथ ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।

फिल्म में अमलेश नागेश आधुनिक यूट्यूबर माही के किरदार में नजर आएंगे, जबकि मन कुरैशी भावुक और दिल जीत लेने वाले बैंड मास्टर महिंदर की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी अमलेश, मन, इशिका यादव और काजल सोनबेर के चार प्रमुख किरदारों के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसमें कॉमेडी, रोमांस, भावनाओं और पारिवारिक रिश्तों का खूबसूरत मेल देखने को मिलेगा।

ट्रेलर लॉन्च में जुटीं सिनेमा जगत की हस्तियां

ट्रेलर लॉन्च समारोह में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित सतीश जैन, मनोज वर्मा, संतोष जैन, योगेश अग्रवाल, मोहन सुंदरानी, लखी सुंदरानी, अनुमोद राजवैद्य, अनुपम वर्मा, अनिरुद्ध दुबे और पवन सिंह समेत फिल्म जगत से जुड़ी कई हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन आरजे नमित ने किया।

फिल्म का निर्माण प्रणय गर्ग ने किया है, जबकि निशेष त्रिपाठी को-प्रोड्यूसर हैं। निर्देशन की जिम्मेदारी राहुल प्रताप सिंह ने संभाली है। प्रसिद्ध फिल्म मेकर मनीष मानिकपुरी फिल्म को प्रस्तुत कर रहे हैं।

गांव की चुलबुली लड़की से शहर की स्मार्ट गायत्री तक

फिल्म में इशिका यादव चुलबुली गांव की लड़की के किरदार में दिखाई देंगी, जबकि काजल सोनबेर शहर की स्मार्ट लड़की गायत्री की भूमिका निभा रही हैं। सोशल मीडिया के जुनून में डूबी नई पीढ़ी की जीवनशैली के साथ फिल्म में गांव की लोक संस्कृति, परंपराओं और लोकगीतों की मिठास को भी पर्दे पर उतारा गया है।

सात गीतों से सजेगी कहानी

‘तोर मयारु मोर मयारु’ में कुल सात गीत हैं। अनुराग शर्मा, अल्का चंद्राकर और अनुपमा निश्रा जैसे गायकों ने इन गीतों को अपनी आवाज दी है। फिल्म का संगीत नवलदास मानिकपुरी, अनुराग शर्मा और परवेज खान ने तैयार किया है।

फिल्म में संजय महानंद, सतीश जैन, उपासना वैष्णव, उर्वशी साहू, रजनीश झांझी, प्रदीप शर्मा, हेमलाल कौशल, अंजलि चौहान और क्रांति दीक्षित जैसे जाने-माने कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

पारिवारिक मनोरंजन को ध्यान में रखकर बनाई गई यह फिल्म कॉमेडी, रोमांस, भावनाओं और छत्तीसगढ़ी लोक रंग का संगम पेश करने का दावा करती है। तीन साल बाद अमलेश नागेश और मन कुरैशी की जोड़ी की वापसी अब दर्शकों को कितना पसंद आती है, यह फिल्म की रिलीज के बाद ही साफ होगा।

Related Articles

Back to top button