मनोरंजन

‘मिर्जापुर: द मूवी’ का काउंटडाउन शुरू, रिलीज से 10 दिन पहले नया पोस्टर आउट

मुंबई, 25 अगस्त 2026। ओटीटी की सबसे चर्चित क्राइम फ्रेंचाइजी में शुमार ‘मिर्जापुर’ अब सिनेमाघरों में अपना भौकाल मचाने के लिए तैयार है। फिल्म की रिलीज में महज 10 दिन बाकी हैं और इसी मौके पर एक्सेल एंटरटेनमेंट ने ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का नया पोस्टर जारी कर फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं।

पोस्टर में दिखा पुराने किरदारों का दमदार अंदाज

रिलीज से 10 दिन पहले सामने आए नए पोस्टर में पंकज त्रिपाठी के कलीन भैया, अली फजल के गुड्डू पंडित और दिव्येंदु के मुन्ना भैया समेत कई प्रमुख किरदार नजर आ रहे हैं। पोस्टर ने फिल्म के हाई-स्टेक्स एक्शन, ड्रामा और पुराने ‘भौकाल’ की वापसी का संकेत दिया है।

फ्रेंचाइजी के कई पसंदीदा किरदार भी फिल्म में वापसी करते नजर आएंगे। इनमें दिव्येंदु का मुन्ना भैया, कुलभूषण खरबंदा का सत्यानंद त्रिपाठी और श्रिया पिलगांवकर की स्वीटी गुप्ता शामिल हैं। इसके अलावा पंकज त्रिपाठी, अली फजल, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस चौहान और जितेंद्र कुमार जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं।

सोशल मीडिया पर शुरू हुआ ‘भौकाल’ का काउंटडाउन

एक्सेल एंटरटेनमेंट ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “भौकाल का नया ठिकाना: थिएटर। बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर द मूवी’ आने में बस 10 दिन बाकी!” मेकर्स ने यह भी बताया कि फिल्म 4 सितंबर को हिंदी और तेलुगु में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

2018 में शुरू हुई ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी ने ओटीटी पर अपनी अलग पहचान बनाई और इसके किरदारों ने दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। अब पहली बार यह कहानी बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी। ऐसे में फिल्म की रिलीज को लेकर फैंस के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

रिलीज में सिर्फ 10 दिन बाकी होने के साथ ही ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि सिनेमाघरों में कलीन भैया और गुड्डू पंडित का ‘भौकाल’ दर्शकों पर कितना असर छोड़ता है।

Related Articles

Back to top button