4 साल बाद ‘रक्तांचल 3’ में विजय सिंह की वापसी, क्रांति प्रकाश झा ने बताया क्यों नहीं भूले फैंस…

मुंबई, 8 सितंबर 2026। वेब सीरीज ‘रक्तांचल’ अपने तीसरे सीजन के साथ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौट आई है। सीरीज में विजय सिंह का दमदार किरदार निभाकर दर्शकों के बीच खास पहचान बनाने वाले क्रांति प्रकाश झा ने फ्रैंचाइज़ी की वापसी और लोगों के लगातार मिलते प्यार को लेकर खुलकर बात की है।
खास बात यह है कि ‘रक्तांचल’ उन चुनिंदा वेब सीरीज में शामिल है, जिसने तीन सीजन तक अपने लीड किरदार को बरकरार रखा है। करीब चार साल के लंबे गैप के बावजूद विजय सिंह और वसीम खान के बीच की दुश्मनी दर्शकों की यादों में बनी रही। यही वजह है कि सीजन 3 को लेकर फैंस का इंतजार लगातार बना हुआ था।
‘लोग बस एक ही सवाल पूछते थे… अगला सीजन कब आ रहा है?’
क्रांति प्रकाश झा ने बताया कि इन वर्षों में जहां भी वह गए, लोगों ने उनसे ‘रक्तांचल’ के अगले सीजन को लेकर सवाल किया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए दर्शकों के प्यार और किरदार से जुड़े रिश्ते का सबूत था।
एक्टर के मुताबिक, “इन सात सालों में जब भी मैं कहीं गया, अपने गांव गया या कुछ पोस्ट किया, तो सबका बस एक ही सवाल था- अगला सीजन कब आ रहा है?”
क्रांति ने कहा कि उनके लिए विजय सिंह का किरदार सिर्फ एक भूमिका नहीं बल्कि सीखने की पूरी प्रक्रिया रहा। उन्होंने इसे पूरी डेडिकेशन और डिवोशन के साथ निभाया और इस सफर ने उन्हें एक कलाकार के तौर पर बेहतर बनाने में मदद की।
‘नेचर ने मुझसे कुछ छीना नहीं, मुझे सिखाया’
अपने सफर के बारे में बात करते हुए क्रांति प्रकाश झा ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि जिंदगी ने उनसे कुछ छीना है। उनके मुताबिक, जो कुछ भी हुआ, उसने उन्हें सीखने और खुद को बेहतर बनाने का मौका दिया।
उन्होंने कहा, “नेचर ने मुझे सिखाया, छीना नहीं। मुझे नहीं लगता कि नेचर ने कुछ छीना, क्योंकि अगर छीना होता, तो वापस भी नहीं देता।”
एक्टर ने इसे अपने लिए लगातार सीखने और खुद को बेहतर बनाने की प्रक्रिया बताया।
प्लेटफॉर्म मर्जर की वजह से हुई देरी
क्रांति ने यह भी बताया कि सीजन 3 के आने में देरी की एक वजह प्लेटफॉर्म्स का मर्जर भी रहा। हालांकि, बाद में प्लेटफॉर्म को इस फ्रैंचाइज़ी की क्षमता और दर्शकों के प्यार का एहसास हुआ और कहानी को आगे बढ़ाया गया।
उन्होंने इसके लिए प्लेटफॉर्म और दर्शकों दोनों का आभार जताया। क्रांति के मुताबिक, दर्शकों का लगातार प्यार ही वह वजह है, जिसने इतने लंबे गैप के बाद भी विजय सिंह को लोगों के बीच प्रासंगिक बनाए रखा।
‘रक्तांचल सीजन 3’ की वापसी ऐसे समय में हुई है, जब दर्शक एक बार फिर विजय सिंह के उसी अंदाज और कहानी के अगले अध्याय को देखने के लिए उत्सुक हैं। लंबे इंतजार के बाद किरदार की वापसी ने साबित कर दिया है कि कुछ किरदार पर्दे से दूर होकर भी दर्शकों की यादों से दूर नहीं होते।



