मनोरंजन

‘मिर्ज़ापुर’ के कालीन भैया-मुन्ना भैया ने फैंस को कहा शुक्रिया, कहा-‘फैमिली हैं आप लोग हमारी’

मुंबई, 10 सितंबर 2026। ‘मिर्जापुर’ का भौकाल अब बड़े पर्दे पर भी देखने को मिल रहा है। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेज़न MGM स्टूडियोज की ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। फिल्म को मिल रही शानदार प्रतिक्रिया के बीच कालीन भैया यानी पंकज त्रिपाठी और मुन्ना भैया यानी दिव्येंदु ने अपने फैंस का खास अंदाज में शुक्रिया अदा किया है।

दोनों कलाकारों ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वे अपने चिर-परिचित ‘भौकाल’ वाले अंदाज में कुर्सियों पर बैठे नजर आ रहे हैं। तस्वीर के साथ उन्होंने दर्शकों के प्यार और फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स के लिए आभार जताते हुए लिखा, “फैमिली हैं आप लोग हमारी.. और आपने साबित कर दिया!! मिर्जापुर फैमिली की तरफ से धन्यवाद।”

‘मिर्जापुर’ फ्रैंचाइज़ी की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। ओटीटी की कल्ट सीरीज से निकलकर अब इस कहानी ने सिनेमाघरों का रुख किया है। फिल्म के अनाउंसमेंट के बाद से ही फैंस इसे बड़े पर्दे पर देखने के लिए काफी एक्साइटेड थे। ऐसे में रिलीज के बाद मिल रहा रिस्पॉन्स मेकर्स और स्टारकास्ट के लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है।

बड़े पर्दे पर फिर दिखा ‘मिर्जापुर’ का भौकाल

‘मिर्जापुर: द मूवी’ में पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु के अलावा अली फज़ल समेत फ्रैंचाइज़ी के कई जाने-पहचाने चेहरे नजर आ रहे हैं। फिल्म की स्टारकास्ट में अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस चौहान जैसे कलाकार भी शामिल हैं।

फिल्म के जरिए ‘मिर्जापुर’ की चर्चित दुनिया को पहले से ज्यादा बड़े स्केल पर सिल्वर स्क्रीन पर पेश किया गया है। यही वजह है कि सीरीज के पुराने फैंस के साथ नए दर्शकों के बीच भी फिल्म को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

गुरमीत सिंह ने संभाली डायरेक्शन की कमान

‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी और स्क्रिप्ट पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं।

अमेज़न MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट की यह फिल्म लंबे इंतजार के बाद 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु में सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है।

फैंस के लिए कालीन भैया और मुन्ना भैया का यह शुक्रिया सिर्फ एक सोशल मीडिया पोस्ट नहीं, बल्कि ‘मिर्जापुर’ की उस खास फैन फैमिली के नाम संदेश है, जिसने सालों बाद भी इस फ्रैंचाइज़ी का ‘भौकाल’ बरकरार रखा है।

Related Articles

Back to top button