छत्तीसगढ़

PM मोदी के 25 साल के सेवा-सफर को जन-आंदोलन बनाएगी BJP

सांसद बृजमोहन ने कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी, 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

रायपुर, 11 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और संवैधानिक पद पर सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान को लेकर गुरुवार को रायपुर में लाखे नगर और भाठागांव मंडल की संयुक्त कार्यसमिति बैठक एवं कार्यशाला आयोजित की गई।

बैठक का आयोजन रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र सेवा, अंत्योदय और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहा है।

अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के अपने सफर में प्रधानमंत्री मोदी ने बिना रुके और बिना थके देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है। उनके 25 वर्षों के सेवा-सफर को भाजपा कार्यकर्ताओं को सेवा, उत्सव और जनभागीदारी के साथ जनता के बीच लेकर जाना है।

हर बूथ तक पहुंचेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होकर एक महीने तक चलने वाले इस अभियान को हर बूथ तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्व को निभाने और सेवा का संकल्प लेने का अवसर है।

कार्यशाला में अभियान की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। इस दौरान मंडल स्तर पर केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संपर्क करने और लाभार्थी सम्मेलन आयोजित करने की योजना बनाई गई। इनमें आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर उन्हें सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

कार्यकर्ताओं को बूथवार जिम्मेदारियां

बैठक में दोनों मंडलों के पदाधिकारियों, वार्ड पार्षदों और शक्ति केंद्र प्रभारियों को बूथवार जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अभियान के दौरान घर-घर संपर्क, लाभार्थियों से संवाद और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा को अपना मूल मंत्र मानता है। लाखे नगर और भाठागांव मंडल के कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के विकास और सेवा कार्यों का संदेश जनता तक पहुंचाएं और ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जन-आंदोलन का रूप दें।

Related Articles

Back to top button