सराफा एसोसिएशन ने की कैश ट्रांजैक्शन सीमा बढ़ाने की मांग…
व्यापारी संवाद बैठक में सराफा कारोबार से जुड़ी समस्याओं समेत कई मुद्दों पर चर्चा

रायपुर, 14 अक्टूबर 2026। रायपुर सराफा एसोसिएशन की कार्यकारिणी समिति की बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। इसमें सराफा कारोबार से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए व्यापारी संवाद हुआ। बैठक में छत्तीसगढ़ शासन और राष्ट्रीय स्तर पर व्यापारियों की मांगों को उठाने तथा संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए सकारात्मक पहल करने पर चर्चा की गई। कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी सहित प्रदेश इकाई के प्रमुख पदाधिकारी बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कैश ट्रांजैक्शन की सीमा 10 हजार से बढ़ाकर 5 लाख करने की मांग
बैठक में रायपुर सराफा एसोसिएशन ने नकद लेन-देन की मौजूदा 10 हजार रुपये की सीमा को बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने का प्रस्ताव रखा। इस मांग पर अमर पारवानी ने छत्तीसगढ़ शासन और राष्ट्रीय स्तर पर प्रयास करने की बात कही।
धारा 411 से धारा 317 में बदलाव पर चर्चा
सराफा कारोबारियों ने धारा 411 में बदलाव के बाद धारा 317 से संबंधित प्रावधानों को लेकर आ रही व्यावहारिक परेशानियों का मुद्दा उठाया। व्यापारियों ने कहा कि इससे कारोबार में जटिलताएं बढ़ी हैं। अमर पारवानी ने संबंधित समस्याओं को शासन के समक्ष रखने और व्यापारियों के लिए प्रावधानों को सरल बनाने की दिशा में प्रयास करने का आश्वासन दिया।
साइबर अपराध से बचाव पर भी मंथन
बैठक में डिजिटल लेन-देन से जुड़े साइबर अपराध और व्यापारियों के सामने आने वाली चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। अमर पारवानी ने इस विषय पर शासन के साथ समन्वय कर सकारात्मक प्रयास करने की बात कही। इसके अलावा सराफा व्यापार से संबंधित अन्य समस्याओं और उनके संभावित समाधानों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
सराफा और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष धरम भंसाली, सचिव जितेंद्र गोलछा, कोषाध्यक्ष अनिल कुचेरिया, उपाध्यक्ष नीलेश सेठ, सह सचिव विनय गोलछा और संजय देशमुख शामिल हुए।
इसके अलावा एसोसिएशन के संरक्षक भिखम कोचर और तिलोक बरड़िया, सलाहकार अशोक गोलछा, इंद्रजीत सलूजा, शांति बरड़िया, उत्तम गोलछा, सुरेश भंसाली, प्रहलाद सोनी, हरीश डागा और प्रदीप घोरपड़े उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ सिल्वर होलसेल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नवलखा, संगठन सचिव प्रवीण मालू, आकाश गोलछा तथा कार्यकारिणी समिति के महावीर मालू, विकास जैन, सौरभ कोठारी, अरुण तंवर, अभय कोठारी, संदीप मुकीम, संजय बरमत, ललित सोनी और आलोक शर्मा सहित करीब 100 सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक की जानकारी रायपुर सराफा एसोसिएशन के सचिव जितेंद्र गोलछा ने दी।



