छत्तीसगढ़

प्रार्थना सभा में धर्मांतरण का आरोप: बजरंग दल और ईसाई समुदाय में झड़प

दुर्ग, 15 सितंबर 2025। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार को धर्मांतरण के आरोप को लेकर बड़ा बवाल हो गया। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के जेल रोड स्थित एक मकान में ईसाई समुदाय द्वारा प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। आरोप है कि सभा की आड़ में धर्मांतरण कराया जा रहा था।

सूचना मिलने पर बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने नारेबाजी की और वहीं हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई।

झड़प और आरोप
बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि ईसाई समुदाय लगातार धर्मांतरण करा रहा है। इसी बीच जॉन नामक व्यक्ति पर कार्यकर्ताओं से हाथापाई करने का आरोप लगा। बजरंग दल की छत्तीसगढ़ इकाई के कार्यकर्ता ज्योति शर्मा ने आरोप लगाया कि जॉन को बाहर से फंडिंग मिलती है और वह ऐसे मामलों में हमेशा सक्रिय रहता है। उन्होंने प्रशासन से जॉन को जिला बदर करने और उसकी बैंक डिटेल की जांच की मांग की।

पुलिस का हस्तक्षेप
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस पादरी को थाने ले जाने लगी तो भीड़ ने गाड़ी रोकने की कोशिश की। हालात नियंत्रण से बाहर होते देख अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। बड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया।

दुर्ग शहर एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि सूचना पर पुलिस पहुंची थी। वहां बजरंग दल और ईसाई समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी। दोनों पक्षों को समझाइश दी गई है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

तनाव बरकरार
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि इस तरह की गतिविधियाँ जारी रहीं, तो वे बड़े आंदोलन की राह पकड़ेंगे।

Related Articles

Back to top button