हाईवे पर गंदा टॉयलेट दिखा? रिपोर्ट करें, मिलेगा ₹1,000 का FASTag रिचार्ज…

रायपुर, 14 अक्टूबर 2025। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने यात्रियों के लिए एक अनोखी पहल शुरू की है। अब अगर किसी नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा के पास टॉयलेट गंदा पाया जाता है, तो उसकी रिपोर्ट करने वाले यात्री को ₹1,000 का FASTag रिचार्ज इनाम के रूप में मिलेगा। यह योजना “स्पेशल कैंपेन 5.0” के तहत स्वच्छ भारत मिशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
शिकायत करने के लिए यात्री को ‘राजमार्गयात्रा’ ऐप डाउनलोड कर गंदे टॉयलेट की जियो-टैग्ड फोटो अपलोड करनी होगी। साथ ही नाम, स्थान, वाहन नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर शिकायत सबमिट करनी होगी। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर यात्री के रजिस्टर्ड FASTag में सीधे ₹1,000 रिचार्ज भेजा जाएगा।
यह इनाम नकद में नहीं मिलेगा और ट्रांसफर भी नहीं किया जा सकेगा। अभियान 31 अक्टूबर 2025 तक चलेगा और हर टॉयलेट पर दिन में केवल एक शिकायत ही मान्य होगी।
यह योजना केवल NHAI के टोल प्लाजा पर स्थित टॉयलेट्स पर लागू होगी। पेट्रोल पंप, ढाबे या अन्य निजी शौचालय इसमें शामिल नहीं हैं।
NHAI का कहना है कि यह पहल यात्रियों को बेहतर स्वच्छता सुविधा उपलब्ध कराने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफाई बनाए रखने की दिशा में एक बड़ा कदम है।



