धान खरीदी से पहले संकट के आसार: 3 नवंबर से सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल

रायपुर, 14 अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने वाली है, लेकिन उससे पहले ही इस प्रक्रिया पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। धान खरीदी केंद्रों में काम करने वाले सहकारी समिति के कर्मचारी हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं।
रायपुर में हुई छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ की बैठक में तय किया गया कि 24 अक्टूबर को जिला स्तर पर और 28 अक्टूबर को राज्य स्तर पर रैली निकालकर तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा। अगर मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 3 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होगी।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि शासन को कई बार लिखित रूप से मांग पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे राज्यभर के 2058 सहकारी समितियों में कार्यरत करीब 13,000 कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।
कर्मचारियों का कहना है कि समय पर धान परिवहन नहीं होने से विपणन संघ समितियों की कमीशन राशि से सुखत/शॉर्टेज की राशि काट लेता है, जिससे समितियां आर्थिक संकट में हैं।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द मांगें नहीं मानीं, तो आगामी धान खरीदी प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित हो सकती है।



