छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में पहली बार दो दिन के दौरे पर आएंगे पीएम मोदी, राज्योत्सव का करेंगे उद्घाटन

रायपुर, 15 अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर ऐतिहासिक पल की गवाह बनने जा रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार दो दिन के दौरे पर रायपुर आएंगे और एक रात यहीं ठहरेंगे। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय हो चुका है। वे 31 अक्टूबर की दोपहर रायपुर पहुंचेंगे और 1 नवंबर की शाम दिल्ली लौटेंगे।

पहली बार कोई प्रधानमंत्री करेगा रात्रि विश्राम
यह दौरा खास इसलिए भी है क्योंकि यह पहली बार होगा जब कोई प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ में रात्रि विश्राम करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य के 25वें स्थापना दिवस, रजत जयंती राज्योत्सव का उद्घाटन करेंगे।

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी छत्तीसगढ़ विधानसभा और नया रायपुर में आदिम जाति भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वे राज्य की कई महत्वपूर्ण योजनाओं की आधारशिला भी रख सकते हैं।

राज्य सरकार और प्रशासन स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव, सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह, आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह लगातार बैठकों में तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से जल्द ही इस कार्यक्रम की औपचारिक पुष्टि और विस्तृत शेड्यूल राज्य सरकार को भेजा जाएगा।

स्वतंत्रता के बाद से लेकर अब तक देश के लगभग सभी प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ (पहले अविभाजित मध्यप्रदेश का हिस्सा) आ चुके हैं, लेकिन सभी का दौरा कुछ घंटों का ही रहा। यह पहला मौका होगा जब प्रधानमंत्री मोदी रायपुर में रात गुजारेंगे और अगले दिन लौटेंगे।

राज्य सरकार इस ऐतिहासिक अवसर को छत्तीसगढ़ की गौरवगाथा के रूप में मनाने की तैयारी में जुटी है।

Related Articles

Back to top button