छत्तीसगढ़

राज्योत्सव 2025: राजीव केशरी के गानों ने श्रोताओं को झूमने पर मजबूर किया

कवर्धा, 3 नवम्बर 2025। राज्योत्सव 2025 का दूसरा दिन कवर्धा में उत्साह और उमंग से भरपूर रहा। नगर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित राज्योत्सव समारोह में हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। मंच पर आयोजित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जहां दर्शकों को रोमांचित किया, वहीं स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे शहर के प्रसिद्ध गायक एवं स्वर संवेदना ग्रुप के राजीव केशरी। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज़ में छत्तीसगढ़ी लोकगीतों और लोकप्रिय फिल्मी गीतों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। राजीव केशरी ने छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति की महक से भरपूर गीतों के साथ-साथ आधुनिक गीतों के माध्यम से भी समरसता का संदेश दिया।

राजीव केशरी और उनकी टीम ने ” चना के दार राजा ” छत्तीसगढ़िया” जैसे गीतों से लोगों के मन को छू लिया, वहीं पार्श्व गीत ” भोले ओ भोले, दिल में हों तुम आंखों में तुम, तेरे मेरे बीच में कैसा है ये बंधन, सोचेंगे तुम्हे प्यार, याद आ रहा है तेरा प्यार जैसे फिल्मी गीतों से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शक मोबाइल फ्लैशलाइट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन करते नजर आए।

राज्योत्सव कार्यक्रम में शहर सहित जिलेभर से लोग शामिल हुए। जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण, वरिष्ठ नागरिक, बुजुर्ग, महिलाएँ, युवा और बच्चे सभी ने एक साथ छत्तीसगढ़ के गौरव और सांस्कृतिक विरासत का आनंद लिया। आयोजन समिति ने मंच, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन की उत्तम व्यवस्था की थी। कार्यक्रम के अंत में कलाकारों को सम्मानित किया गया और राजीव केशरी सहित स्वर संवेदना ग्रुप को मंच से धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कवर्धा में हुए इस संगीतमय राज्योत्सव की गूंज देर रात तक शहर की फिज़ाओं में सुनाई देती रही।

Related Articles

Back to top button