महाराष्ट्र में शुरू होगी Starlink की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा, LOL पर हस्ताक्षर

मुंबई, 6 नवंबर 2025। महाराष्ट्र सरकार और एलन मस्क की कंपनी SpaceX की सब्सिडियरी Starlink Satellite Communications ने भारत में सैटेलाइट-बेस्ड इंटरनेट सेवा शुरू करने के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LOL) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के साथ महाराष्ट्र ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
यह साझेदारी SpaceX को भारत सरकार और दूरसंचार विभाग (DoT) से रेग्युलेटरी मंजूरी मिलने के बाद प्रभावी होगी। इस कदम से राज्य के दूरस्थ और वंचित इलाकों में हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी पहुंचाने का रास्ता खुलेगा।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि स्टारलिंक के साथ यह समझौता महाराष्ट्र को “पूरी तरह कनेक्टेड राज्य” बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा, “हम हर गांव, हर स्कूल और हर स्वास्थ्य केंद्र को डिजिटल रूप से जोड़ने जा रहे हैं। यह पीएम मोदी के डिजिटल इंडिया मिशन को मजबूती देगा।”
स्टारलिंक की उपाध्यक्ष लॉरेन ड्रेयर और महाराष्ट्र के आईटी सचिव वीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस सहयोग से महाराष्ट्र के गढ़चिरौली, नंदुरबार, धाराशिव और वाशिम जैसे आकांक्षी जिलों के साथ-साथ तटीय और आदिवासी इलाकों को भी सैटेलाइट इंटरनेट से जोड़ा जाएगा।
Starlink वर्तमान में लो-अर्थ ऑर्बिट में 8,800 से अधिक सैटेलाइट्स के जरिए दुनिया का सबसे बड़ा सैटेलाइट नेटवर्क चला रही है और जल्द ही भारत में कमर्शियल सर्विस शुरू करने की तैयारी में है।
यह साझेदारी न केवल डिजिटल महाराष्ट्र मिशन को गति देगी, बल्कि ईवी, तटीय विकास और आपदा प्रबंधन परियोजनाओं को भी सशक्त बनाएगी।



