कलेक्टर ने 250 राशन दुकानों का संचालन समितियों से लेकर पंचायतों को सौंपा

रायपुर, 17 नवंबर 2025। धान खरीदी में अवरोध पैदा करने पर रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह ने बड़ा कदम उठाया है। जिले की सहकारी समितियों के पास संचालित 250 राशन दुकानों का संचालन निरस्त कर उन्हें पंचायतों को सौंप दिया गया है। हड़ताल पर चल रहे समिति प्रबंधकों के लिए यह निर्णय बड़ा झटका माना जा रहा है।
कलेक्टर के निर्देश पर रायपुर एसडीएम द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि विकासखंड धरसींवा की ग्राम पंचायत परसतराई में सेवा सहकारी समिति धरसींवा द्वारा संचालित सरकारी उचित मूल्य दुकान (आईडी 442001003) पिछले 15 दिनों से बिना कारण बंद पाई गई। इससे राशनकार्डधारियों को समय पर खाद्यान्न नहीं मिल सका। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया कि यह व्यवहार सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2016 की कई धाराओं का उल्लंघन है और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत दंडनीय है।
इसी आधार पर दुकान का संचालन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया और अस्थायी तौर पर ग्राम पंचायत परसतराई को सौंप दिया गया। पंचायत अब शासन के नियमानुसार लाभार्थियों को समय पर राशन वितरण करेगी।
चार कृषि विस्तार अधिकारियों पर एफआईआर
धान खरीदी में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में रायपुर जिले के चार ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। कलेक्टर की कार्रवाई के बाद खरीदी केंद्रों में काम फिर से सामान्य रूप से चल रहा है।
कलेक्टर का यह कदम संदेश देता है कि प्रशासन धान खरीदी और राशन वितरण जैसी जनहित की सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही या अवरोध को बर्दाश्त नहीं करेगा।



