विधायक सोनी को डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर ठगने की कोशिश…

रायपुर, 21 नवंबर 2025। रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी को साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर ठगने की कोशिश की। दो दिन पहले उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को आईबी का अधिकारी बताया और दावा किया कि उनके मोबाइल नंबर का उपयोग कश्मीर में हुई आतंकवादी घटना में हुआ है।
विधायक ने बताया कि कॉल सुनकर वह पहले घबरा गए। बाद में उन्हें संदेह हुआ कि यह साइबर ठगी का प्रयास हो सकता है। उन्होंने तुरंत कॉल बंद किया और मामले की जानकारी एसएसपी और साइबर क्राइम सेल को दी। पुलिस उस नंबर की जांच कर रही है, जिससे कॉल आया था।
घटना के बाद कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह घटना दिखाती है कि अपराधी कितने बेखौफ हैं। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी इसे गंभीर मुद्दा बताया और चिंता व्यक्त की।



