विधानसभा में उठा BEd vs DEd का मुद्दा : स्कूल शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी

रायपुर, 17 दिसंबर 2025। विधानसभा के बजट सत्र में बुधवार को बीएलएड योग्यताधारी सहायक शिक्षकों की बर्खास्तगी और उनकी जगह डीएलएड योग्यताधारी अभ्यर्थियों की भर्ती को लेकर सवाल उठा। इस पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने सदन में लिखित जवाब पेश किया।
डीएलएड योग्यताधारी शिक्षकों की पदस्थापना को लेकर विधायक रिकेश सेन ने पूछा था कि उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद कितने बीएड योग्यताधारी सहायक शिक्षकों को सेवा से हटाया गया, उनकी जगह कितने डीएलएड योग्यताधारी अभ्यर्थियों की नियुक्ति हुई, कितने पद अब भी रिक्त हैं और इन पर नियुक्ति कब तक होगी।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद राज्य में कुल 2621 बीएड योग्यताधारी सहायक शिक्षकों को सेवा से हटाया गया है। इनके बदले अब तक 1319 डीएलएड योग्यताधारी सहायक शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। शेष 1302 पद अभी भी रिक्त हैं। इन पदों पर भर्ती की समय-सीमा फिलहाल तय नहीं की जा सकती।
मंत्री के जवाब के बाद यह भी सामने आया कि सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के तहत हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर प्राथमिक शालाओं से 2615 अभ्यर्थियों को हटाया गया था, जिनकी जगह डीएलएड अभ्यर्थियों की नियुक्ति होनी थी। हालांकि विभाग ने अब तक केवल 1299 अभ्यर्थियों को ही नियुक्ति दी है, जबकि 1316 पद अभी खाली हैं।
इसके अलावा 984 पद ऐसे हैं जिन्हें निर्विवाद बताया गया है, लेकिन इन पर अब तक काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। इस तरह वर्तमान स्थिति में सहायक शिक्षक के करीब 2300 पद रिक्त हैं, जबकि डीएलएड टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थी काउंसलिंग और नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं।



