छत्तीसगढ़

सेक्स रैकेट में लिप्त होटल मैनेजर और कर्मचारी समेत 3 गिरफ्तार

अंबिकापुर, 20 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सरगुजा पुलिस ने एक संगठित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है, जिसका संचालन होटल और निजी मकान के जरिए किया जा रहा था। इस मामले में एक महिला, होटल मैनेजर और एक कर्मचारी समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।

क्या है मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को महिला थाना अंबिकापुर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आकाशवाणी चौक के पास एक मकान में युवकों और युवतियों के माध्यम से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद महिला थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आकाशवाणी चौक के समीप स्थित मकान से एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर 10 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेजा। विवेचना में खुलासा हुआ कि महिला का पति सुनील कुमार इस पूरे नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। महिला ग्राहकों की तलाश करती थी, जबकि उसका सहयोगी हेमंत दास युवतियों को ग्राहकों तक लाने और ले जाने का काम करता था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 दिसंबर को आरोपी सुनील कुमार (40), निवासी मयापुर अंबिकापुर, और हेमंत दास (33), निवासी बेलखरिखा थाना दरिमा, को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

सरगुजा पुलिस का कहना है कि रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आगे की गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।

Related Articles

Back to top button