मनोरंजन

भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 10 फिल्मों में शामिल हुई ‘धुरंधर’

मुंबई, 23 दिसंबर 2025। रणवीर सिंह अभिनीत और आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। फिल्म ने सोमवार तक 560 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ को पीछे छोड़ते हुए भारत में 10वीं सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म का स्थान हासिल कर लिया है।

बॉक्स ऑफिस ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, रविवार तक ‘धुरंधर’ ने अनुमानित 555.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि ‘एनिमल’ की कुल कमाई 553.87 करोड़ रुपये रही। इसी के साथ ‘धुरंधर’ शीर्ष 10 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में शामिल हो गई है।

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में ‘पुष्पा 2’ 1234.1 करोड़ रुपये के साथ पहले स्थान पर है, जबकि ‘बाहुबली’ 1030 करोड़ रुपये की कमाई के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है। इस सूची में ‘केजीएफ चैप्टर 2’, ‘आरआरआर’, ‘कल्कि 2898 एडी’, ‘जवान’, ‘कांतारा: ए लीजेंड चैप्टर-1’, ‘छावा’ और ‘स्त्री 2’ भी शामिल हैं।

बताया गया है कि ‘धुरंधर’ ने सोमवार को भी 9 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है, हालांकि इसके अंतिम आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं।

फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, आर. माधवन और राकेश बेदी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। ‘धुरंधर’ की कहानी कराची के ल्यारी इलाके के अंडरवर्ल्ड पर आधारित है, जहां अपराधियों, मुखबिरों और गुर्गों की आपस में जुड़ी जिंदगी को दर्शाया गया है।

उल्लेखनीय है कि संदीप रेड्डी वांगा द्वारा निर्देशित ‘एनिमल’ वर्ष 2023 में रिलीज़ हुई थी और उस समय बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की थी।

Related Articles

Back to top button