पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई करने वाले इवेंट ऑर्गेनाइजर और तस्कर सहित 5 गिरफ्तार
न्यू ईयर पार्टियों में एमडीएमए सप्लाई करने वाले बड़े ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़

रायपुर, 23 दिसंबर 2025। न्यू ईयर ईव से पहले राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस ने एमडीएमए (एक्सटेसी) ड्रग्स की सप्लाई करने वाले एक संगठित सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए इवेंट ऑर्गेनाइजर, नागपुर के तस्कर सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक विधि के साथ संघर्षरत बालिका भी शामिल पाई गई है।
वरण अपार्टमेंट के फ्लैट में रेड, पकड़े गए आरोपी
23 दिसंबर 2025 को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र के वरण अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में एमडीएमए ड्रग्स रखी गई है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में एसीसीयू और न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने फ्लैट पर दबिश दी।
रेड के दौरान फ्लैट में 4 पुरुष और 1 युवती मौजूद मिले। पूछताछ में उनकी पहचान पराग बरछा उर्फ रघु, शुभम राजूधावड़े, अमन शर्मा, शुभम सिंघनापुरे उर्फ आर्यन और एक नाबालिग बालिका के रूप में हुई। तलाशी में सभी के कब्जे से एमडीएमए ड्रग्स बरामद की गई।
रायपुर का मुख्य सप्लायर निकला पराग बरछा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पराग बरछा उर्फ रघु रायपुर में एमडीएमए ड्रग्स का मुख्य सप्लायर है। न्यू ईयर के मद्देनजर बड़े होटलों और पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई की तैयारी की जा रही थी। नागपुर निवासी शुभम राजूधावड़े एमडीएमए ड्रग्स नागपुर से लाकर रायपुर में सप्लाई करता था। आरोपी अमन शर्मा उसका सहयोगी सप्लायर है, जबकि शुभम सिंघनापुरे उर्फ आर्यन के फ्लैट को सप्लाई प्वाइंट के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था।
10 ग्राम एमडीएमए, नकदी और मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, 4 मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी गई है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
इस सिंडिकेट में शामिल कुछ अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 286/25 के तहत धारा 21(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले में एंड-टू-एंड जांच की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में की गई। अभियान में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
पराग बरछा उर्फ रघु (23) – रायपुर, मुख्य सप्लायर
शुभम राजूधावड़े (31) – नागपुर, ड्रग तस्कर
अमन शर्मा (26) – रायपुर
शुभम सिंघनापुरे उर्फ आर्यन (28) – रायपुर
एक विधि के साथ संघर्षरत बालिका
पुलिस का कहना है कि न्यू ईयर के दौरान नशे के नेटवर्क पर सख्त नजर रखी जा रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।



