छत्तीसगढ़

केन्द्रीय जेल में गवाह पर जानलेवा हमला, सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में

रायपुर, 25 दिसंबर 2025। राजधानी रायपुर स्थित केन्द्रीय जेल एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में आ गई है। जेल के भीतर हिंसा, ब्लेडबाजी और सुपारी देकर हमले की बढ़ती घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। ताजा मामला बहुचर्चित यश शर्मा हत्याकांड से जुड़ा है, जहां इस केस के मुख्य गवाह पर जेल के अंदर जानलेवा हमला किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यश शर्मा हत्याकांड का प्रमुख गवाह कुशाल तोलानी एक अन्य मामले में केवल एक दिन के लिए न्यायिक अभिरक्षा में केन्द्रीय जेल रायपुर लाया गया था। इसी दौरान जेल में पहले से बंद हत्याकांड के आरोपियों ने कथित तौर पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उस पर हमला करवाया।

आरोप है कि एनडीपीएस एक्ट में सजा काट रहा एक कैदी कुशाल तोलानी पर चाकू से टूट पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक हुई इस घटना से जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल गवाह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

इस हमले ने जेल के भीतर कैदियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, जेल में बंद कुछ प्रभावशाली कैदी बेखौफ होकर अन्य कैदियों को निशाना बना रहे हैं। जेल के अंदर प्रतिबंधित हथियारों का पहुंचना सुरक्षा इंतजामों में बड़ी चूक को दर्शाता है। इससे पहले भी केन्द्रीय जेल रायपुर में मारपीट और गैंगवार की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई न होने से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

घटना के बाद कुशाल तोलानी के परिजनों और उनके अधिवक्ताओं ने कलेक्टर और एसएसपी रायपुर को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गवाह की हत्या की साजिश रची गई और जेल प्रशासन इस हमले को रोकने में पूरी तरह विफल रहा।

मामले के उजागर होते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या केन्द्रीय जेल में कैदियों और गवाहों की सुरक्षा वाकई सुनिश्चित है। फिलहाल प्रशासनिक जांच के संकेत दिए गए हैं, लेकिन बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button