राष्ट्रीय

पीएम मोदी आज लखनऊ में करेंगे राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण, तैयारियां पूरी

लखनऊ, 25 दिसंबर 2025। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को लखनऊ के बसंतकुंज योजना में बने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीन दयाल उपाध्याय की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण भी करेंगे। साथ ही इन राष्ट्र नायकों के जीवन और विचारों को संजोने के लिए बनाए गए म्यूजियम का भी लोकार्पण होगा।

कार्यक्रम में डेढ़ लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी समारोह में मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर करीब दो बजे हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। आयोजन को लेकर पूरे शहर को सजाया गया है। प्रमुख चौराहों, सड़कों और डिवाइडरों को साफ कर रंग-रोगन किया गया है। स्ट्रीट लाइट के पोल पर रंगीन झालरें लगाई गई हैं और दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी कराई गई है। आयोजन स्थल की सजावट के लिए कई राज्यों से विशेष फूलों के पौधे मंगाए गए हैं।

65 एकड़ में फैला राष्ट्र प्रेरणा स्थल
राष्ट्र प्रेरणा स्थल 65 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है, जिस पर करीब 232 करोड़ रुपये की लागत आई है। यहां स्थापित तीनों कांस्य प्रतिमाएं 65 फीट ऊंची हैं। पं. दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा का निर्माण प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार ने किया है, जबकि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं मूर्तिकार माटू राम द्वारा बनाई गई हैं। प्रतिमाओं के निर्माण पर करीब 21 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

पहले प्रतिमाओं का अनावरण, फिर म्यूजियम का उद्घाटन
प्रधानमंत्री सबसे पहले तीनों राष्ट्र नायकों की प्रतिमाओं का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीयता की भावना के प्रतीक के रूप में तिरंगा गुब्बारे छोड़े जाएंगे। इसके बाद वह म्यूजियम का लोकार्पण करेंगे और श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीन दयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित गैलरियों का अवलोकन करेंगे। म्यूजियम में डिजिटल माध्यम से राष्ट्र नायकों के जीवन परिचय, उनसे जुड़ी वस्तुएं और प्रतीक चिह्न प्रदर्शित किए गए हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री प्रेरणा स्थल पर बने मंच से जनसभा को संबोधित करेंगे।

यातायात डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए 24 दिसंबर की रात 12 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक शहर में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। इमरजेंसी सेवाओं को प्रतिबंधित मार्गों पर छूट दी जाएगी। आयोजन के लिए 13 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जहां करीब 2600 बसें और 2000 कारें खड़ी की जा सकेंगी। आसपास के जिलों से लगभग 2000 बसें लखनऊ पहुंचेंगी।

कड़े सुरक्षा इंतजाम
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। एनएसजी, एटीएस, पीएसी, आरएएफ, बम निरोधक दस्ता, एंटी ड्रोन और एंटी सबोटाज टीमें तैनात की गई हैं। सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है और क्विक रिस्पांस टीम भी अलर्ट पर है।

स्वास्थ्य सेवाएं भी अलर्ट पर
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने केजीएमयू, पीजीआई और लोकबंधु अस्पताल को सेफ हाउस घोषित किया है। सभी अस्पतालों में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बेड आरक्षित किए गए हैं। एंबुलेंस, डॉक्टरों की टीमें और प्रधानमंत्री के ब्लड ग्रुप के लाइव डोनर भी तैनात रहेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन से लेकर प्रस्थान तक 20 बीएलएस और चार एएलएस एंबुलेंस अलर्ट रहेंगी।

Related Articles

Back to top button