हाईकोर्ट में नए साल से नया रोस्टर, 2 जनवरी 2026 से शुरू होगी सुनवाई

बिलासपुर, 27 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में विंटर वेकेशन के बाद नए वर्ष से नया रोस्टर प्रभावी होने जा रहा है। 2 जनवरी 2026 से हाईकोर्ट में मामलों की सुनवाई नए रोस्टर के अनुसार की जाएगी। इसके तहत कुल 4 डिवीजन बेंच, 2 स्पेशल बेंच और 14 सिंगल बेंचों में विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई होगी।
अधिकृत सूत्रों के अनुसार, पहले डिवीजन बेंच में मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा शामिल रहेंगे। यह बेंच जनहित याचिकाएं, रिट अपील और हैबियस कॉर्पस जैसे महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई करेगी।
दूसरी डिवीजन बेंच में जस्टिस संजय के अग्रवाल और जस्टिस संजय जायसवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बेंच में वे सभी आपराधिक मामले सुने जाएंगे, जो किसी अन्य डिवीजन बेंच के अंतर्गत नहीं आते। इसके साथ ही फैमिली मामलों की फर्स्ट अपील और संबंधित रिट याचिकाओं की सुनवाई भी इसी बेंच में होगी।
तीसरी डिवीजन बेंच में जस्टिस संजय अग्रवाल और जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद शामिल होंगे। इस बेंच में अन्य बेंचों में शामिल न होने वाले सभी सिविल मामले, कंपनी अपील, टैक्स से जुड़े प्रकरण, इक्विटल अपील और डिवीजन बेंच से संबंधित रिट मामलों की सुनवाई की जाएगी।
चौथी डिवीजन बेंच में जस्टिस रजनी दुबे और जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल को शामिल किया गया है। यह बेंच कमर्शियल अपीलेट डिवीजन बेंच के प्रकरणों, वर्ष 2016 से लंबित एक्विटल अपीलों तथा रिट याचिकाओं की सुनवाई करेगी।
नए रोस्टर के लागू होने से हाईकोर्ट में मामलों के सुनवाई कार्य में बेहतर विभाजन और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।



