छत्तीसगढ़

जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, ASI समेत महिलाएं-बुजुर्ग घायल

बिलासपुर, 6 जनवरी 2026। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम पंधी में शनिवार सुबह जमीन और कोठार पर कब्जे को लेकर चल रहा पुराना विवाद अचानक हिंसक हो गया। कोठार की जाली घेराबंदी हटाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें महिलाएं, बुजुर्ग और एक एएसआई सहित कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंधी निवासी राजीव शर्मा, जो बीबीए का छात्र है, ने सीपत थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। राजीव का आरोप है कि शनिवार सुबह करीब 9.30 बजे वह अपनी बहन आंचल शर्मा के साथ गांव स्थित कोठार पहुंचा था। वहां पहले से लगी जाली तार की घेराबंदी हटाने के दौरान दूसरे पक्ष के हितेश शर्मा ने विरोध किया, जिससे विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसके बाद हितेश शर्मा, रमेश शर्मा और बबली शर्मा ने गाली-गलौज करते हुए पत्थर और डंडों से हमला कर दिया।

राजीव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता और तारबाहर थाने में पदस्थ एएसआई संजय शर्मा पर भी लोहे की वस्तु से हमला किया गया। इस हमले में संजय शर्मा के चेहरे और उंगली में गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान महिलाओं और बुजुर्गों को भी चोट लगने की बात सामने आई है।

वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से बबली शर्मा ने भी सीपत थाने में शिकायत दर्ज कराई है। बबली शर्मा का आरोप है कि एएसआई संजय शर्मा, उनके बेटे राजीव शर्मा और बेटी आंचल शर्मा जबरन उनके कोठार की जाली घेराबंदी काट रहे थे। विरोध करने पर एएसआई संजय शर्मा ने लोहे की वस्तु से उनके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके ससुर रमेश शर्मा और पति हितेश शर्मा के साथ भी मारपीट की गई।

बबली शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद दोनों पक्षों के घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है।

सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि ग्राम पंधी में कोठार को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों से मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button