छत्तीसगढ़

कबाड़ की आड़ में टैंकरों से डीजल चोरी, कबाड़ी गिरफ्तार

पुलिस की दबिश में एक लाख का डीजल जब्त

रायपुर, 8 जनवरी 2026। राजधानी रायपुर में कबाड़ की आड़ में डीजल चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने टैंकरों और ट्रकों से डीजल चोरी कराने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब एक लाख रुपये से अधिक का अवैध डीजल जब्त किया है।

मामला धनेली विधानसभा मार्ग का है, जहां उमेश साव नाम का कबाड़ी लंबे समय से ट्रक और पेट्रोल-डीजल पंपों में सप्लाई करने वाले एचपी के टैंकरों से डीजल चोरी करवा रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी इसी तरह की गतिविधियों में पकड़ा जा चुका है और जेल जा चुका था, लेकिन जमानत पर छूटने के बाद उसने दोबारा अपना अवैध कारोबार शुरू कर दिया।

पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह कंवर को मुखबिर से डीजल चोरी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल टीम गठित कर कबाड़ी के यार्ड में दबिश दी। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में चोरी का डीजल बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि डीजल चोरी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button