छत्तीसगढ़

चोरी के बाद खुला करोड़पति RTO का राज, प्रशासन और जांच एजेंसियों भी हैरान

जशपुर, 9 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आरटीओ अधिकारी के घर चोरी हुई। जांच के दौरान पता चला कि चोरी अधिकारी की भतीजी ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर की। लेकिन इस मामले की जांच अब एक बड़े और चौंकाने वाले खुलासे में बदलती जा रही है। पहले यह मामला एक युवती द्वारा अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर चोरी करने तक सीमित माना जा रहा था, लेकिन जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वैसे-वैसे आरटीओ अधिकारी के घर में मौजूद अपार संपत्ति ने प्रशासन और जांच एजेंसियों को भी हैरान कर दिया है।

चोरी से खुली करोड़ों की संपत्ति की परतें
आरटीओ विजय निकुंज के जशपुर स्थित घर से 20 लाख रुपये नकद और करीब चार से पांच किलोग्राम सोने की चोरी सामने आई है, जिसकी कीमत पांच करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। हैरानी की बात यह है कि प्रारंभिक चोरी की रिपोर्ट में सोने का जिक्र तक नहीं किया गया था। बाद में जब भतीजी से पूछताछ हुई, तब इतने बड़े पैमाने पर सोने की जानकारी सामने आई, जिससे अफसर और परिजनों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है।

आरटीओ के पास इतना सोना आया कहां से?
मामले का सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक आरटीओ अधिकारी के घर में चार–पांच किलो सोना और भारी नकदी आखिर किन स्रोतों से आई। क्या यह वैध आय है या फिर किसी अन्य माध्यम से अर्जित संपत्ति—यह अब राज्य की जांच एजेंसियों के लिए अहम विषय बन गया है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस जांच के साथ-साथ अब आय के स्रोतों की विस्तृत पड़ताल भी की जा सकती है।

प्रेम, लालच और ऐय्याशी की कहानी
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे कांड की मास्टरमाइंड आरटीओ की 21 वर्षीय भतीजी मिनल निकुंज है, जो जशपुर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। महंगे आईफोन, लग्जरी लाइफ और प्रेमी के दबाव में आकर उसने अपने चाचा के घर से चरणबद्ध तरीके से चोरी शुरू की। पहले छोटे अमाउंट निकाले गए, फिर आखिरकार 15 लाख रुपये नकद और चार किलो सोने से भरा सूटकेस ही पार कर दिया गया।

चोरी के पैसों से लग्जरी पार्टी और महंगी कार
चोरी की रकम हाथ लगते ही आरोपियों ने रायपुर में आलीशान विला बुक कर पार्टी की और महज दो दिनों में करीब पांच लाख रुपये खर्च कर डाले। इसके बाद रांची जाकर चोरी के पैसों और सोना बेचकर मिली रकम से करीब 25 लाख रुपये की टाटा हैरियर कार खरीदी गई। सोने के बिस्किट ओडिशा के राउरकेला में बेचकर भी लाखों रुपये हासिल किए गए।

पुलिस कार्रवाई, जांच का दायरा बढ़ा
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर रांची के एक होटल से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना नारायणपुर में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अब जबकि चोरी से भी बड़ा सवाल—आरटीओ के घर मिली संपत्ति—सामने आ चुका है, माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह मामला सिर्फ चोरी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आय से अधिक संपत्ति की जांच का रूप भी ले सकता है।

Related Articles

Back to top button