जून 2026 में बंद हो जाएगा कुम्हारी टोल प्लाजा : बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर, 16 जनवरी 2026। रायपुर–दुर्ग मार्ग पर स्थित कुम्हारी टोल प्लाजा जून 2026 में बंद कर दिया जाएगा। यह जानकारी रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक के बाद दी।
सांसद अग्रवाल ने बताया कि दुर्ग–आरंग बायपास के शुरू होते ही कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद किया जाएगा। साथ ही मार्च 2026 के बाद टोल से जुड़े किसी भी नए टेंडर पर रोक लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। इस निर्णय से रायपुर और दुर्ग के बीच रोजाना यात्रा करने वाले नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बैठक में यह भी बताया गया कि अक्टूबर 2026 से भारतमाला परियोजना के तहत एक्सप्रेस-वे शुरू किया जाएगा, जिससे रायपुर की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
सड़क और यातायात परियोजनाओं की समीक्षा
समीक्षा बैठक में राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में चल रही और प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं पर चर्चा की गई। कचना ओवरब्रिज का कार्य मार्च 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। तेलीबांधा से जोरा ओवरब्रिज को वीआईपी रोड से जोड़ने और भनपुरी से जोरा तक रेलवे लाइन के किनारे एलिवेटेड रोड के प्रस्ताव पर कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
इसके अलावा रायपुर–बलौदाबाजार–सारंगढ़ मार्ग के उन्नयन, मुंबई–नागपुर समृद्धि एक्सप्रेस-वे के रायपुर विस्तार और रायपुर से लखनादौन तक नई सड़क कनेक्टिविटी पर भी चर्चा हुई।
वीआईपी चौक और रिंग रोड पर यातायात दबाव को कम करने के लिए ग्रेड सेपरेटर, डीडीयू नगर के पास अंडरपास और महावीर नगर से अमलीडीह तालाब के ऊपर पुल के प्रस्तावों पर अधिकारियों को योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
पंडरी क्षेत्र में लगने वाले जाम को देखते हुए खालसा कॉलेज से मोवा तक 4.5 किलोमीटर लंबे पुल तथा अमलेश्वर से कुम्हारी तक खारुन नदी के किनारे सड़क निर्माण पर भी चर्चा हुई।
बलौदाबाजार क्षेत्र में सीमेंट फैक्ट्रियों से जुड़े भारी वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए डेडीकेटेड कॉरिडोर की योजना बनाने के निर्देश भी दिए गए।
समयबद्ध कार्ययोजना पर जोर
सांसद अग्रवाल ने अधिकारियों को राजधानी में यातायात, पार्किंग और सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने बताया कि आवश्यक विषयों को आगामी लोकसभा सत्र में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के समक्ष उठाया जाएगा।
बैठक में एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर दिग्विजय सिंह, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपैहरी, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



