बिज़नेस

Gold Silver Rates Today: रिकॉर्ड तेजी के बाद सोना-चांदी में जोरदार गिरावट

MCX पर चांदी 24 हजार और सोना 8 हजार रुपये टूटा

नई दिल्ली, 30 जनवरी 2026। Gold Silver Rates Today: सोना और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। लगातार रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचने के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली और बाजार में करेक्शन के चलते दोनों कीमती धातुओं के दाम अचानक टूट गए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार की शुरुआत से ही सोना और चांदी लाल निशान में नजर आए।

सबसे ज्यादा दबाव चांदी की कीमतों पर देखने को मिला। MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी करीब 24,000 रुपये टूटकर 3,75,900 रुपये प्रति किलो पर आ गई। इससे एक दिन पहले ही चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था। गुरुवार को इसका भाव 3,99,893 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ था, जबकि लाइफ टाइम हाई 4,20,048 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया था। इस स्तर से एक ही दिन में करीब 44,000 रुपये से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली।

वहीं सोने की कीमतों में भी तेज गिरावट आई। MCX पर सोना खुलते ही करीब 8,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया। लगातार ऊंचाई पर कारोबार के बाद सोने में भी मुनाफावसूली का असर साफ दिखा।

घरेलू सराफा बाजार का हाल
Gold Silver Rates Today: ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, गुरुवार को चांदी ने लगातार चौथे सत्र में तेजी जारी रखते हुए 19,500 रुपये या 5.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,04,500 रुपये प्रति किलो (सभी करों सहित) का रिकॉर्ड बनाया था। वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 12,000 रुपये या 7.02 प्रतिशत उछलकर 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

जनवरी महीने में अब तक सोने की कीमतों में 24 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है, जो 1980 के बाद की सबसे बड़ी मासिक तेजी मानी जा रही है। वहीं चांदी की कीमतों में इस महीने करीब 62 प्रतिशत का उछाल आया है, जो इसके इतिहास की सबसे बड़ी मासिक बढ़त की ओर इशारा करता है।

प्रमुख शहरों में सोने के भाव (24 कैरेट)
Gold Silver Rates Today: मुंबई में सोना लगभग 1,70,170 रुपये प्रति 10 ग्राम, कोलकाता में 1,69,950 रुपये, दिल्ली में 1,69,880 रुपये, चेन्नई में 1,70,670 रुपये, हैदराबाद में 1,70,440 रुपये और बेंगलुरु में करीब 1,70,310 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। दक्षिण भारत के बाजारों में सोने के दाम उत्तर भारत की तुलना में ऊंचे बने हुए हैं।

चांदी की कीमतें
मुंबई में चांदी करीब 4,01,760 रुपये प्रति किलो, दिल्ली में 4,01,060 रुपये, चेन्नई में 4,02,920 रुपये, हैदराबाद में 4,02,390 रुपये, बेंगलुरु में 4,02,070 रुपये और कोलकाता में करीब 3,86,420 रुपये प्रति किलो रही।

अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी ऑल टाइम हाई के आसपास कारोबार कर रहे हैं, हालांकि शुक्रवार को हल्की नरमी देखने को मिली। कॉमेक्स पर सोना घटकर 5,412.40 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि इससे पहले यह 5,586.20 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुका था। चांदी भी फिसलकर 117.45 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

विश्लेषकों के अनुसार, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, केंद्रीय बैंकों की नीतियों को लेकर असमंजस और भू-राजनीतिक तनाव के चलते सोना-चांदी में लंबी अवधि की मांग बनी हुई है, हालांकि रिकॉर्ड स्तरों के बाद बीच-बीच में ऐसे करेक्शन देखने को मिलते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button