छत्तीसगढ़

राहगीरों को निशाना बनाने वाला गिरोह पकड़ाया, मास्टरमाइंड का शॉर्ट एनकाउंटर

जांजगीर-चांपा, 1 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में राहगीरों पर जानलेवा हमला कर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जिले में अलग-अलग स्थानों पर 14 लोगों पर क्रूर हमले करने वाले इस गिरोह के 8 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिनमें 6 आरोपी और 2 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी रामनाथ सबरिया का पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

14 राहगीरों पर किया था प्राणघातक हमला
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। थाना शिवरीनारायण, थाना पामगढ़ और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें धर-दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में शॉर्ट एनकाउंटर
मुख्य आरोपी रामनाथ सबरिया को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी ने कट्टे से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए शॉर्ट एनकाउंटर किया, जिसमें रामनाथ के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे सुरक्षित गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ऐसे दिया जाता था वारदात को अंजाम
आरोपियों का तरीका बेहद क्रूर था। गिरोह के सदस्य मोटरसाइकिलों से सुनसान और अंधेरे रास्तों पर घूमते थे। राहगीरों को रोककर सीधे सिर पर रॉड और डंडे से हमला करते थे और फिर मोबाइल, नकदी व अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे। वारदात के बाद रास्ते में मिलने वाले अन्य लोगों पर भी सामूहिक हमला किया जाता था।

कहां-कहां हुई घटनाएं
29 जनवरी की रात थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम कचंदा में तीन अलग-अलग घटनाओं में कई राहगीरों पर हमला
27 जनवरी की रात थाना पामगढ़ क्षेत्र में ग्राम मुडपार-भदरा के बीच जोगिया नाला पुल के पास मारपीट
ग्राम मेउ में खाली मैदान में बैठे युवकों पर भी हमला
इन घटनाओं में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।

भारी मात्रा में हथियार और वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से: स्टील रॉड, लोहे के पाइप, डंडा, बेल्ट, 4 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटर, आरोपियों के 7 मोबाइल, 3 लूटे गए मोबाइल, नगद ₹9,000, कुल ₹4.09 लाख की संपत्ति जब्त की है।

आरोपी और कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों में रामनाथ सबरिया, निखिल टंडन, मनीराम गोंड, नरेश यादव, रोशन टंडन, आयुष रात्रे सहित दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ में बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त और आक्रामक कार्रवाई जारी रहेगी। आम जनता से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button