छत्तीसगढ़

विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन

रायपुर, 4 फरवरी 2026। कान्यकुब्ज शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा संचालित आशीर्वाद हायर सेकेंडरी इंग्लिश स्कूल, बैरन बाजार रायपुर में गत दिवस विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना रहा।

विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, स्वास्थ्य, अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक तकनीक से जुड़े आकर्षक मॉडल व चार्ट प्रस्तुत किए। छात्रों ने अपने प्रोजेक्ट्स के माध्यम से जटिल वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल और प्रभावी तरीके से समझाकर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को प्रभावित किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि ए. के. सारस्वत, उप संचालक, समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि वीरेंद्र पाण्डेय (पूर्व अध्यक्ष, कान्यकुब्ज सभा–शिक्षा मंडल), अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, सचिव राजकुमार दीक्षित, कोषाध्यक्ष शरद शुक्ला, सहसचिव प्रमोद मिश्रा, सहसचिव अनुराग पाण्डेय एवं विद्यालय के प्राचार्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ वैज्ञानिक सोच को मजबूत करती हैं।

अध्यक्ष सुरेश मिश्रा ने सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई दी, वहीं सचिव राजकुमार दीक्षित ने सभी आगंतुकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया।

कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारी, नागरिक, शिक्षकगण, पालकगण व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button