
लखनऊ, 4 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बड़ी खबर सामने आई है। दिवंगत मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी हिबा राणा ने अपने पति और ससुर के खिलाफ तीन तलाक, दहेज उत्पीड़न और मारपीट के गंभीर आरोप लगाते हुए सहादतगंज थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है आरोप?
हिबा राणा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष की दहेज की मांगें लगातार बढ़ती गईं। जब भी एक मांग पूरी की जाती, उसके बाद नई मांग रख दी जाती थी। मांगों का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी।
पीड़िता के अनुसार, उसका निकाह 19 दिसंबर 2013 को सैय्यद मोहम्मद साकिब, निवासी करीमगंज, लखनऊ से सुन्नी रीति-रिवाज से हुआ था। निकाह के समय परिजनों ने करीब 10 लाख रुपये नगद और सोने-हीरे के जेवरात दहेज में दिए थे। हिबा और उसके पति के दो बच्चे हैं—सैय्यद फवाज और हय्याम फातिमा।
हिबा का आरोप है कि शादी के बाद पति और ससुर ने 20 लाख रुपये और एक फ्लैट की मांग शुरू कर दी। परिजनों ने कई बार उनकी मांगें पूरी कीं, इसके बावजूद प्रताड़ना जारी रही। उसने आरोप लगाया कि उसका पति अक्सर मारपीट करता था और कई बार जान से मारने की कोशिश भी कर चुका है, जबकि ससुर भी दहेज को लेकर लगातार दबाव बनाता रहा।
पीड़िता ने बताया कि 9 अप्रैल 2025 को पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। उसी दौरान उसकी बहन आर्शिया राणा उर्फ टीना मौके पर पहुंची, जिससे पति और अधिक आक्रोशित हो गया। आरोप है कि इसके बाद पति ने तीन बार तलाक कहते हुए उसे घर से बाहर निकाल दिया और बच्चों को कमरे में बंद कर दिया।
सहादतगंज थाने के एसएचओ ने बताया कि हिबा राणा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



