Gold-Silver Price: सोना-चांदी फिर चमके: घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में जोरदार उछाल

नई दिल्ली, 4 फरवरी 2026। Gold-Silver Price: सोने-चांदी की कीमतों में लगातार तेजी का दौर जारी है। बुधवार को सुबह 11 बजे तक घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की कीमत करीब 6,188 रुपये बढ़ गई, जबकि चांदी में पांच फीसदी की उछाल के साथ 13,485 रुपये की तेजी दर्ज की गई। इसके साथ ही सोना 1,59,997 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,81,500 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई है।
बुलियन बाजार के आंकड़ों के अनुसार, कारोबारी सत्र की शुरुआत में ही चांदी की कीमत में करीब 11,700 रुपये प्रति किलो का उछाल देखने को मिला, वहीं सोना लगभग 4,700 रुपये महंगा खुला। बाजार में तेज उतार-चढ़ाव के चलते सर्राफा दरों में आगे भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, मंगलवार को भी कीमती धातुओं में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई थी। चांदी 24,000 रुपये यानी 9.23 फीसदी उछलकर 2,84,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पहुंच गई थी, जबकि सोना 5,000 रुपये या 3.3 फीसदी की बढ़त के साथ 1,57,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी बरकरार
Gold-Silver Price: वैश्विक बाजारों में भी सोना-चांदी मजबूत रुख के साथ कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी डॉलर में कमजोरी के चलते कीमती धातुओं को समर्थन मिला है। बुधवार को स्पॉट गोल्ड 2.2 फीसदी चढ़कर 5,044.74 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इससे पहले मंगलवार को सोने में 5.9 फीसदी की जोरदार तेजी आई थी, जो नवंबर 2008 के बाद एक दिन की सबसे बड़ी बढ़त मानी जा रही है। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह गुरुवार को सोना 5,594.82 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड उच्च स्तर तक पहुंच गया था।
वहीं अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स (अप्रैल डिलीवरी) 2.7 फीसदी की बढ़त के साथ 5,067.0 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते नजर आए। चांदी की कीमतों में भी मजबूती बनी हुई है। स्पॉट सिल्वर 2.1 फीसदी उछलकर 86.92 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई है, हालांकि यह अब भी अपने हालिया रिकॉर्ड उच्च स्तर 121.64 डॉलर प्रति औंस से करीब 28 फीसदी नीचे है।
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितताओं, डॉलर में कमजोरी और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के चलते आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के साथ तेजी बनी रह सकती है।



