अवैध गुटखा भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 20 लाख का माल जब्त

रायपुर, 12 फरवरी 2026। राजधानी में अवैध गुटखा भंडारण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 लाख रुपये का माल जब्त किया है। खमतराई थाना क्षेत्र में की गई छापेमार कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खमतराई इलाके में लंबे समय से गुटखा और तंबाकू का अवैध भंडारण किया जा रहा था। दामों में बढ़ोतरी के बीच कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई। रायपुर नार्थ के डीसीपी मयंक गुर्जर के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक स्टोरेज रूम में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मौके से 160 बोरी सितार गुटखा और 300 बोरी तंबाकू बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने पूरे मशरूका को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
डीसीपी मयंक गुर्जर ने बताया कि मामले की सूचना संबंधित विभागों, विशेषकर फूड सेफ्टी विभाग को भी दे दी गई है, ताकि विस्तृत जांच की जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि भंडारण के पीछे कौन लोग शामिल हैं और सप्लाई नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।
इस कार्रवाई को राजधानी में अवैध तंबाकू और गुटखा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।



