छत्तीसगढ़

पहले लिफ्ट मांगी, फिर विवाद और कटर से हमला: आरोपियों को ढूंढ रही पुलिस

भिलाई, 22 फरवरी 2026। भिलाई में लिफ्ट मांगने के बहाने एक युवक पर कटर से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना जनता स्कूल, कैंप-1 क्षेत्र की है, जो छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायल युवक की पहचान संतोषी पारा, वार्ड-33 निवासी ऋतिक चौधरी के रूप में हुई है। वह गौरव पथ आम्रपाली के पास आलू-पराठा की दुकान संचालित करता है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को वह अपनी दुकान के लिए सामान लेने जा रहा था, तभी रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया।

लिफ्ट देने से इनकार के बाद विवाद
पीड़ित के मुताबिक, दोनों युवकों ने जनता स्कूल तक छोड़ने के लिए लिफ्ट मांगी। पहले उसने मना किया, लेकिन लगातार दबाव बनाने पर वह उन्हें गाड़ी में बैठाकर जनता स्कूल के पास छोड़ने को तैयार हो गया। जैसे ही दोनों युवक उतरे, उन्होंने अचानक थप्पड़ मार दिया और विवाद शुरू कर दिया।

विवाद बढ़ने पर हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान एक आरोपी, जिसकी पहचान मिलन चौक निवासी सुशांत के रूप में बताई जा रही है, ने कटर निकालकर ऋतिक पर हमला कर दिया। हमले में युवक के सीने और हाथ पर गंभीर चोटें आईं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके।

घटना से क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल ऋतिक चौधरी का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button