छत्तीसगढ़

सड़क हादसे में भाजपा किसान मोर्चा बतौली मंडल अध्यक्ष समेत 2 की मौत

सरगुजा, 26 फरवरी 2026। भाजपा किसान मोर्चा बतौली मंडल अध्यक्ष कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल उनके साथी राजू सिंह ने भी जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद बतौली सहित ग्राम पोकसरी में मातम पसरा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 8:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर शांतिपारा पुलिया के पास दो बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि, पोकसरी निवासी 32 वर्षीय कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव (पिता मोतिया यादव) की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष संजय यादव अपने साथी के साथ घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पल्सर बाइक से उनकी टक्कर हो गई।

वहीं उनके साथ बाइक पर सवार राजू सिंह (पिता ईश्वर सिंह, उम्र 32 वर्ष) का बायां पैर टूट गया। दूसरी बाइक पर सवार बतौली कालीपुर निवासी 35 वर्षीय प्रमोद कुजूर (पिता बरतू कुजूर) भी गंभीर रूप से घायल हो गए, उनका भी पैर फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली लाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे। प्राथमिक उपचार न मिलने के कारण उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। आरोप है कि, इलाज में लापरवाही के चलते राजू सिंह की रात करीब 12 बजे मौत हो गई।

संजय यादव न केवल किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष थे, बल्कि ग्राम पोकसरी के उपसरपंच भी थे। उनके निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपाई कार्यकर्ता, परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।

Related Articles

Back to top button