मनोरंजन

‘भूत बंगला’ का सेट बना क्रिकेट मैदान, अक्षय-शिखर ने मचाया धमाल

मुंबई, 6 मार्च 2026। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म भूत बंगला की शूटिंग के दौरान सेट पर उस समय खास माहौल बन गया जब फिल्म का सेट कुछ देर के लिए मिनी क्रिकेट मैदान में बदल गया। अक्षय कुमार ने भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन के साथ मिलकर सेट पर क्रिकेट खेला, जिसे देखकर क्रू मेंबर्स भी उत्साह से चीयर करते नजर आए।

शुरुआत में यह एक हल्का-फुल्का खेल था, लेकिन देखते ही देखते पूरा माहौल क्रिकेट फीवर में बदल गया। शॉट्स के बीच कलाकार और क्रू मेंबर्स ने जमकर मस्ती की और टीम स्पिरिट का शानदार नजारा देखने को मिला।

 

मस्ती को और रोमांचक बनाने के लिए अक्षय कुमार ने क्रू के सामने एक ओपन चैलेंज रखते हुए जीतने वाली टीम के लिए नकद इनाम का ऐलान भी कर दिया। इस दोस्ताना मुकाबले ने पूरे सेट पर जोश और उत्साह भर दिया।

वहीं, फिल्म का पहला गाना “राम जी आके भला करेंगे” हाल ही में रिलीज हुआ है, जिसे दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है और यह कई प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड कर रहा है।

बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म में अक्षय कुमार, वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्देशक प्रियदर्शन की यह फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Articles

Back to top button