छत्तीसगढ़

‘जब विधायक ही सुरक्षित नहीं…’ भूपेश के बयान से सदन में गरमाई सियासत

रायपुर, 11 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा में बुधवार को शून्यकाल के दौरान वैशालीनगर के विधायक रिकेश सेन की सुरक्षा का मुद्दा गूंजा। विपक्ष ने उनकी जान को खतरा होने के दावे को गंभीर बताते हुए सरकार से सदन में स्पष्ट वक्तव्य देने की मांग की।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने मामला उठाते हुए कहा कि यदि किसी विधायक की जान को खतरा है तो यह बेहद गंभीर विषय है और सरकार को इस पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

भूपेश बघेल ने कहा कि जब कोई विधायक ही सुरक्षित नहीं है तो सदन का संचालन कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा कि वैशालीनगर विधायक ने खुद सार्वजनिक रूप से अपनी जान को खतरा बताया है, इसलिए सत्तापक्ष को इस पर जवाब देना चाहिए।

इस पर संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि उनकी रिकेश सेन से बातचीत हुई है और उनकी सुरक्षा को लेकर सरकार चिंतित है। हालांकि विपक्ष सरकार की ओर से औपचारिक वक्तव्य की मांग पर अड़ा रहा।

जब विपक्ष की मांग पूरी नहीं हुई तो विपक्षी सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन कर दिया।

दरअसल हाल ही में महिला दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में विधायक रिकेश सेन ने मंच से ही सनसनीखेज खुलासा किया था। उन्होंने दावा किया था कि पिछले दो वर्षों से कुछ असामाजिक तत्व उनकी हत्या की साजिश रच रहे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में एक वीडियो भी दिखाया और कहा कि वे इन धमकियों के बावजूद जनता की सेवा से पीछे नहीं हटेंगे।

Related Articles

Back to top button