छत्तीसगढ़

महाठग शिवा साहू के 5 सहयोगी गिरफ्तार

सरसीवां, 17 मार्च 2026। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के रायकोना के चर्चित महाठग शिवा साहू से जुड़े मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। सरसीवां पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। हालांकि मुख्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, शिवा साहू ने लोगों को रुपए दोगुना-ढाई गुना करने का लालच देकर करोड़ों रुपए की ठगी की थी। इस मामले में पहले भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और ठगी से अर्जित संपत्तियों जैसे महंगी गाड़ियां, जमीन के दस्तावेज, सोना-चांदी, नकदी और बैंक खातों को जब्त किया गया था।

जांच में यह भी सामने आया कि जमानत पर छूटने के बाद आरोपी ने बैंक कर्मचारियों से मिलीभगत कर फर्जी तरीके से होल्ड खातों से करीब 21 लाख रुपए निकाल लिए। यह रकम रितु साहू सहित अन्य खातों से निकाली गई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही संबंधित आरोपियों और कुछ बैंक कर्मचारियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

ताजा कार्रवाई में पुलिस ने दिनेश साहू, योगेंद्र साहू, गोविंदा साहू, तोशराम साहू और राजेश सोनी को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी शिवा साहू के सहयोगी बताए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इस कुख्यात ठग को गिरफ्तार कर पाती है।

Related Articles

Back to top button