Uncategorized

आयुष्मान योजना में इलाज से इंकार पर सख्ती, बड़े अस्पतालों को नोटिस जारी

रायपुर, 19 मार्च 2026। रायपुर में आयुष्मान योजना के तहत मरीजों का इलाज करने से इनकार करने के आरोप में कई निजी अस्पतालों पर कार्रवाई शुरू की गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया कि रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल, श्री नारायणा हॉस्पिटल और बालगोपाल हॉस्पिटल समेत अन्य अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक राघवेंद्र सिंह ने आयुष्मान योजना की स्थिति पर सवाल उठाए। जवाब में मंत्री ने बताया कि प्रदेश में करीब 2.47 करोड़ कार्डधारी हैं और वर्ष 2024 से 2026 के बीच 22,59,995 हितग्राहियों का इलाज इस योजना के तहत किया गया है।

मंत्री के अनुसार, योजना में केंद्र सरकार का 60 प्रतिशत और राज्य सरकार का 40 प्रतिशत अंश है। इस दौरान योजना से जुड़े अस्पतालों के खिलाफ कुल 31 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर कार्रवाई की गई है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन अस्पतालों ने आयुष्मान कार्डधारकों का इलाज करने से मना किया है, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और कई मामलों में जांच जारी है।

सरकार का कहना है कि योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए निगरानी बढ़ाई जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button