Uncategorized

आमाघाट अफीम खेती मामले में फरार एक आरोपी मामला झारखंड से गिरफ्तार

रायगढ़, 23 मार्च 2026। रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट में अवैध अफीम खेती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने झारखंड में दबिश देकर फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

60 हजार से ज्यादा अफीम पौधे किए गए थे जब्त
मामले में पहले ही कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आमाघाट क्षेत्र के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित खेत से 60,326 अफीम पौधे बरामद किए थे, जिनका कुल वजन करीब 2877 किलोग्राम पाया गया। इसके साथ ही 3.02 किलोग्राम अफीम (करीब 15 लाख रुपये मूल्य) भी जब्त की गई थी।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मार्शल संगा अपने सहयोगियों एमानुएल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर अवैध खेती कर रहा था। मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

जंगल में छिपे आरोपी को दबोचा
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों को ओडिशा और झारखंड भेजा गया था। लगातार पीछा करते हुए टीम आरोपियों के गांव तक पहुंची, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही आरोपी पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में छिप गए।

स्थानीय पुलिस की मदद से चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान एमानुएल भेंगरा को जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उसके पास से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

एक आरोपी अब भी फरार
मामले में दूसरा आरोपी सीप्रियन भेंगरा अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज इस मामले में आगे की जांच जारी है और अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।

Related Articles

Back to top button