Uncategorized

फुलेरा की कहानी फिर बढ़ेगी आगे: प्राइम वीडियो ने किया ‘पंचायत’ के सीजन 5 का ऐलान

मुंबई, 3 अप्रैल 2026। लोकप्रिय वेब सीरीज पंचायत ने अपने 6 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर अमेज़न प्राइम वीडियो ने आधिकारिक तौर पर ‘पंचायत’ के बहुप्रतीक्षित सीजन 5 की घोषणा कर दी है। साथ ही सीजन की शूटिंग शुरू होने की जानकारी भी साझा की गई है।

साल 2020 में शुरू हुई इस सीरीज ने धीरे-धीरे दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई और हर नए सीजन के साथ इसकी लोकप्रियता बढ़ती गई। खासकर चौथे सीजन को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला, जिसने रिलीज के पहले ही महीने में रिकॉर्ड तोड़ सफलता हासिल की। यह सीजन न सिर्फ भारत के 95% पिन कोड्स में देखा गया, बल्कि 180 से अधिक देशों में भी दर्शकों तक पहुंचा और 42 से ज्यादा देशों में टॉप 10 ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल रहा।

फुलेरा की कहानी आगे बढ़ेगी

सीजन 4 के रोमांचक क्लाइमेक्स के बाद अब सीजन 5 की कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां सचिव जी अपने CAT रिजल्ट के बाद भविष्य को लेकर निर्णय लेने की स्थिति में हैं। वहीं मंजू देवी चुनावी हार से उबरने की कोशिश कर रही हैं और प्रधान जी भी परिणाम से गहरे प्रभावित नजर आए थे। नए सीजन में फुलेरा की कहानी में ह्यूमर, इमोशन और नए ट्विस्ट का तड़का देखने को मिलेगा।

वही पसंदीदा स्टार कास्ट लौटेगी

इस सीजन में जितेंद्र कुमार, नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, फैसल मलिक, चंदन रॉय, सांविका, दुर्गेश कुमार, सुनीता राजवार और पंकज झा सहित पूरी स्टार कास्ट एक बार फिर नजर आएगी।

सीरीज को द वायरल फीवर (TVF) ने प्रोड्यूस किया है, जिसे दीपक कुमार मिश्रा और चंदन कुमार ने मिलकर क्रिएट किया है। लेखन चंदन कुमार ने किया है, जबकि निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने संभाला है।

‘पंचायत’ ने अपनी सादगी और ग्रामीण परिवेश की कहानी के जरिए न सिर्फ भारत, बल्कि दुनिया भर के दर्शकों का दिल जीता है। अब सीजन 5 के ऐलान के साथ फैंस एक बार फिर फुलेरा गांव की दुनिया में लौटने के लिए उत्साहित हैं।

Related Articles

Back to top button